मध्यप्रदेश के गुनौर क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पवई से देवेंद्रनगर जा रही बारातियों से भरी एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
चलती बस में लगी आग, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, बारात लेकर जा रही बस जैसे ही शंकरगढ़ के पास पहुंची, उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस में सवार बारातियों के बीच चीख-पुकार मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस रोकी, जिसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सूझबूझ से टली बड़ी घटना, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही गुनौर थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर राख हो गई। मौके पर फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी पहुंची। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।