दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास सोमवार को एक ईरानी ड्रोन द्वारा ईंधन टैंक को निशाना बनाए जाने के बाद भीषण आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक धुएं के गुबार देखे गए। दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार ड्रोन हमले से एयरपोर्ट के पास स्थित फ्यूल टैंक प्रभावित हुआ, जिसके बाद सिविल डिफेंस की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित
घटना के बाद Dubai Civil Aviation Authority ने यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला लिया है।
अधिकारियों के मुताबिक सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल तुरंत सक्रिय कर दिए गए थे और आग पर काबू पाने के बाद स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। हाल के दिनों में एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन से जुड़े खतरों के बढ़ते मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता भी बढ़ा दी है।
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच बढ़े हमले
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच UAE पहले ही Iran की ओर से कई मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर चुका है। इन हमलों का असर एयरपोर्ट, बंदरगाहों और तेल से जुड़े अहम बुनियादी ढांचे पर भी पड़ा है।
UAE को बनाया गया सबसे बड़ा निशाना
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संघर्ष की शुरुआत से अब तक ईरान द्वारा UAE पर 1,800 से ज्यादा मिसाइल और ड्रोन दागे जा चुके हैं। इससे UAE खाड़ी क्षेत्र का सबसे ज्यादा निशाना बनाए जाने वाला देश बन गया है। वहीं UAE के रक्षा मंत्रालय ने संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक छह मौतों की पुष्टि की है, जिनमें चार नागरिक और दो सैन्यकर्मी शामिल हैं।
Comments (0)