लंढौरा में रुड़की लक्सर मार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम को लेकर प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। स्कूलों की छुट्टी के समय और शाम को रोज़ा इफ्तारी से एक घंटा पहले सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तहसील प्रशासन और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की।
कर्मचारियों ने कई दुकानों का किया सामान जब्त
अभियान के दौरान बुलडोजर की मदद से अवैध कब्जे हटाए गए। नगर पंचायत कर्मचारियों ने कई दुकानों का सामान जब्त कर अपनी गाड़ियों में रख लिया। जबकि कई दुकानदारों ने कार्रवाई के दौरान स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। प्रशासनिक टीम ने सड़क के दोनों ओर फैले अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण को चिन्हित किया। प्रशासन ने स्थायी अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और लोगों को दो दिन की अंतिम चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो दोबारा अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला।
इस कार्रवाई के बीच नगर पंचायत की ठेका व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हर वर्ष मार्ग किनारे बजरी और पटरी बाजार के ठेके छोड़े जाते हैं। ठेकेदार रेडी-पटरी लगवाकर दुकानदारों से किराया वसूलते हैं। जिससे ठेके की रकम पूरी होती है। ऐसे में यदि दुकानदारों को दुकान लगाने से रोका जाएगा तो ठेकेदार वसूली कैसे करेंगे। और यदि दुकानें लगती हैं तो वही अतिक्रमण माना जाता है। इस विरोधाभासी व्यवस्था से छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। नायब तहसीलदार यूसुफ अली ने बताया कि हरिद्वार जिलाधिकारी और रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के आदेश पर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा उसे हटाया जाएगा। स्थायी अतिक्रमण करने वालों को दो दिन का समय दिया गया है चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)