उधम सिंह नगर पुलिस ने रुद्रपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए NCERT की संदिग्ध किताबों के मामले में एक गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस को गोदाम से भारी मात्रा में करोड़ों रुपये की एनसीईआरटी की किताबें बरामद हुई हैं जिसके बाद पूरे मामले में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों ने किया गोदाम का निरीक्षण
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इसकी सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गोदाम का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी एनसीईआरटी के अधिकारियों को भेज दी। बताया जा रहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से शिक्षा विभाग की एक टीम रुद्रपुर के लिए रवाना हो गई है जो मौके पर पहुंचकर किताबों की जांच करेगी।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों को प्राथमिक जांच में आशंका है कि बरामद किताबें नकली हो सकती हैं और इन्हें अवैध तरीके से छापा जा रहा था। बताया जा रहा है कि कई किताबों पर एनसीईआरटी का सरकारी मोनोग्राम भी नहीं मिला है जिससे शक और गहरा गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने पहले सूचना के आधार पर किताबों से भरे एक ट्रक को रोका था। ट्रक में बड़ी मात्रा में किताबें मिलने के बाद पुलिस को शक हुआ। इसके बाद जांच करते हुए पुलिस ने रुद्रपुर स्थित एक गोदाम का पता लगाया और वहां छापा मार दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस को कई राज्यों के फर्जी बिल भी बरामद हुए हैं।
फिलहाल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने पूरे मामले की सूचना एनसीईआरटी को दे दी है। एनसीईआरटी की टीम रुद्रपुर पहुंचकर किताबों की जांच करेगी। जांच पूरी होने के बाद ही प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)