थराली विकासखण्ड सभागार में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की ब्लॉक इकाई की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूकेडी के संगठन विस्तार और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से पृथ्वी सिंह नेगी को यूकेडी का ब्लॉक अध्यक्ष घोषित किया।
संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
बैठक में यूकेडी की केंद्रीय कमेटी के प्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना होगा। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
बैठक में उपस्थित यूकेडी कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि राज्य स्थापना के इतने लंबे समय बाद भी प्रदेश को स्थायी राजधानी नहीं मिल पाई है जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने थराली को जिला घोषित करने की मांग भी दोहराई और कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
यूकेडी के केंद्रीय कमेटी के वक्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने बारी-बारी से सत्ता संभाली है लेकिन इसके बावजूद पहाड़ी क्षेत्रों के लोग आज भी सड़क शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए यूकेडी लगातार संघर्ष करती रहेगी।
बैठक में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे जिन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और क्षेत्रीय मुद्दों को उठाने का संकल्प लिया।
Comments (0)