ग्वालियर शहर में साल 2018 के बाद पहली बार मार्च का पहला सप्ताह इतना गर्म दर्ज किया गया है। करीब आठ साल बाद इस अवधि में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो इस महीने के अंत तक तापमान 2022 में दर्ज 41.8 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड को भी पार कर सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ग्वालियर पहाड़ियों से घिरा हुआ क्षेत्र है और अरावली के नजदीक होने के कारण यहां राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं का असर जल्दी देखने को मिलता है। यही वजह है कि मार्च की शुरुआत में ही तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ कमजोर, तापमान में बढ़ोतरी
आमतौर पर मार्च में बारिश न होने या पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर रहने से आसमान साफ रहता है। ऐसे में सूर्य की तेज किरणें सीधे जमीन पर पड़ती हैं, जिससे गर्मी बढ़ जाती है। फिलहाल आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय तो होंगे, लेकिन इनके कमजोर रहने की संभावना है। इस कारण बारिश की उम्मीद कम है और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। शुक्रवार को प्रदेश के चारों बड़े शहरों में ग्वालियर का रात का तापमान सबसे ज्यादा 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सामान्य से काफी अधिक दर्ज हुआ तापमान
आमतौर पर ग्वालियर क्षेत्र में मार्च के पहले सप्ताह में दिन का सामान्य तापमान 28 से 31 डिग्री और रात का तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। लेकिन इस बार दिन का तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री ज्यादा 35.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात का तापमान भी सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक होकर 18.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
आठ साल में सबसे ज्यादा रहा रात का तापमान
सामान्य तौर पर मार्च के मध्य तक पहुंचते-पहुंचते रात का तापमान 18 से 19 डिग्री के आसपास होता है। लेकिन इस बार 6 मार्च को ही रात का तापमान 18.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले आठ वर्षों में सबसे अधिक है। फिलहाल हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं और 9 मार्च को एक और नया विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, लेकिन इसका असर ग्वालियर अंचल में देखने को नहीं मिल रहा।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में आसमान साफ है और तेज धूप के कारण जमीन तेजी से गर्म हो रही है। शुक्रवार को दिन का तापमान 35.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं रात का तापमान भी बढ़कर 18.1 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है।
अगले पांच दिनों में दिन और रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान बारिश के कोई संकेत नहीं हैं, जिससे गर्मी का असर और तेज हो सकता है।
Comments (0)