उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद आज हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित करेगा। इस वर्ष परिणाम पिछले साल की तुलना में तीन दिन पहले, यानी 23 अप्रैल को शाम 4 बजे जारी किया जाएगा। परिणाम निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. महेंद्र देव और परिषद के सचिव भगवती सिंह द्वारा घोषित किया जाएगा।
50 लाख से अधिक छात्रों की धड़कनें तेज
इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल 53,37,778 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें 25,23,112 छात्राएं, 28,14,612 छात्र और 54 ट्रांसजेंडर परीक्षार्थी शामिल हैं। पिछले वर्ष परिणाम 25 अप्रैल को जारी किया गया था। परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक 8033 केंद्रों पर आयोजित की गई थीं।
परीक्षाएं इस बार 15 दिनों में पूरी हुईं
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं इस बार 15 दिनों में पूरी हुईं, जबकि 2025 में यह अवधि 12 दिन थी। हाईस्कूल में लगभग 26 लाख और इंटरमीडिएट में करीब 24.50 लाख छात्रों ने परीक्षा दी। सचिव भगवती सिंह के अनुसार, परिणाम परिषद मुख्यालय से जारी किया जाएगा और छात्र अपना रिजल्ट यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे।