उत्तरप्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। गुरुवार को प्रदेश के 32 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह से ही तेज धूप और उमस का असर देखने को मिल रहा है। तेज गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन यानी 25 अप्रैल तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इस दौरान कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर जा सकता है।
26 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा
हालांकि 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी उत्तरप्रदेश से आंधी-तूफान और बारिश की शुरुआत होगी, जो धीरे-धीरे पूरे राज्य में फैल जाएगी। 28 अप्रैल तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। लेकिन 29 अप्रैल के बाद एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
बांदा सबसे गर्म जिला रहा
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 30 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। बांदा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।