उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार रात ट्रक, बोलेरो और ट्रॉले की टक्कर में 11 लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद बोलेरो में आग लग गई, जिसमें सवार 8 लोग जिंदा जल गए। वहीं एक अन्य कार सवार, ट्रक चालक और क्लीनर की दबकर मौत हो गई।
11 की मौत, 8 जिंदा जले
मध्यप्रदेश से चना लेकर आ रहे ट्रक का ब्रेक फेल होने से वह अनियंत्रित हो गया। बेकाबू ट्रक ने पहले बोलेरो को टक्कर मारी, जिससे वह आगे चल रहे गिट्टी से लदे ट्रॉले में जा घुसी। यह हादसा ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में हुआ।
ट्रक-ट्रॉले की टक्कर से बोलेरो में आग लगी
एसपी के मुताबिक, बोलेरो में सवार सभी लोग प्रयागराज के मांडा क्षेत्र के हाटा गांव के रहने वाले थे। वे मैहर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। हालांकि, बोलेरो में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।हादसे में घायल ट्रक चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
जानिए पूरी घटना
मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात साढ़े 9 बजे बड़का मोड़ से एक ट्रक चना लादकर जा रहा था। अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। इसी बीच एक बोलेरो भी ढलान से नीचे उतर रही थी। तभी बेकाबू ट्रक ने पहले एक कार और फिर एक ट्रक को टक्कर मारी। तभी पीछे से आ रही बोलेरो ट्रक से जा भिड़ी।
फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई। आग लगने से बोलेरो में सवार सभी यात्री अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तेजी से बचाव कार्य में जुट गए। लेकिन, तेज आग के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका।घटना की सूचना मिलते ही एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीओ लालगंज अमर बहादुर और लालगंज और हलिया थाने की फोर्स भी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।