जोरासांको - पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही दल लगातार जनता के बीच जाकर अपने उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांग रहे हैं। इस दौरान चुनावी प्रचार केवल वादों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नेताओं के बीच तीखी बयानबाज़ी भी लगातार देखने को मिल रही है।
बंगाल की पहचान काबा से नहीं
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी टीएमसी पर तीखा हमला बोला है। अपने बयान में उन्होंने कहा कि “बंगाल की पहचान काबा से नहीं जुड़ी है, बल्कि मां काली और कालीबाड़ी से जुड़ी हुई है।” उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
30 लाख से अधिक युवा बेरोजगार हुआ
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने जोरासांको विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, बंगाल आज बदहाल है जो ज्ञान की धारा थी आज वो बेरोजगारी की अंधकार में भटकती हुई दिखाई दे रही है। किसान बदहाल है, उद्योग बंद हो रहे हैं पिछले 10 वर्ष के अंदर 7000 से अधिक बड़े उद्योग बंगाल में बंद हुए हैं। 30 लाख से अधिक युवा यहां बेरोजगार हुआ है लेकिन TMC और ममता दीदी किसी की सुनने वाली नहीं है।
बंगाल की पहचान मां कालीबाड़ी से है
यूपी के सीएम योगी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, आपने देखा ही होगा कि कोलकाता के मेयर क्या कह रहे हैं। उनका कहना है कि यहां उर्दू का इस्तेमाल किया जाएगा। सीएम ने कहा कि, हम यहां यह कहने आए हैं कि बंगाली पहचान के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। बंगाल की पहचान काबा से नहीं जुड़ी है, बल्कि बंगाल की पहचान मां कालीबाड़ी से जुड़ी है।
आज यूपी में कोई अशांति नहीं है
इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, बंगाल में गौ-हत्या बड़े पैमाने पर हो रही है। ममता दीदी को भगवान राम के नाम से चिढ़ है। दुर्गा पूजा के दौरान अनुमति नहीं दी जाती। यहां हम जिस तरह की अराजकता देख रहे हैं, वह वैसी ही है जैसी 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में थी। सीएम योगी ने कहा कि, आज यूपी में कोई अशांति नहीं है आज हर तरफ उत्सव का माहौल है।