लखनऊ: राजधानी लखनऊ, कानपुर सहित उत्तरप्रदेश के कई जिलों में शनिवार को गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। अधिकतर क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव की चेतावनी जारी की है।
यूपी के 40 जिलों में तीन दिन तक बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
विभाग के मुताबिक, रविवार से 8 अप्रैल तक प्रदेश के करीब 40 से अधिक जिलों में मध्यम से तेज बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
बेमौसम बारिश से गेहूं की कटाई प्रभावित
बेमौसम बारिश से गेहूं की कटाई प्रभावित हो रही है और फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। इसके प्रभाव से अगले चार दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है। किसानों को भी अपनी फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।
आंधी से हाईटेंशन लाइन गिरी, 48 घंटे में सात लोगों की मौत
शाम के समय कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। पिछले 48 घंटों में अलग-अलग हादसों में सात लोगों की जान चली गई। करीब 200 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और 20 से अधिक ट्रांसफार्मर खराब हो गए। एक स्थान पर बिजली का खंभा टूटने से हाईटेंशन लाइन जमीन पर गिर गई, जिसमें फंसकर बाइक से जा रहे एक बिजली कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं बिजली गिरने से एक मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। फतेहपुर सीकरी में मकान की छत और दीवार गिरने से सात लोग घायल हो गए।
इन जिलों में ओलावृष्टि की संभावना
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान है।