कूचबिहार (पश्चिम बंगाल)। नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा से पहले कूचबिहार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी बीच शनिवार देर रात सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
20 जिंदा कारतूस बरामद हुए
पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा चांगराबांध्या इलाके में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान दो लोगों को रोका गया और तलाशी लेने पर उनके पास से 6 देसी पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी मेखलीगंज से हथियार लेकर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि बीएसएफ ने रात करीब 2:30 बजे दोनों आरोपियों को पकड़ा और बाद में उन्हें स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। प्रधानमंत्री की सभा से ठीक पहले इतनी बड़ी मात्रा में हथियारों की बरामदगी को सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर माना जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी
गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी हथियार कहां ले जा रहे थे और इसके पीछे उनका मकसद क्या था। फिलहाल किसी बड़ी साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे
इसी बीच राज्य में सुरक्षा को लेकर एक और मामला सामने आया है। ममता बनर्जी के मालदा दौरे के दौरान उनके हेलीकॉप्टर के पास एक संदिग्ध ड्रोन उड़ता हुआ देखा गया। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
आसपास के इलाकों में सुरक्षा और कड़ी
प्रधानमंत्री की सभा को देखते हुए कूचबिहार और आसपास के इलाकों में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और सुरक्षा के सभी इंतजाम चाक-चौबंद हैं।