मालदा: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा में गंभीर चूक का मामला सामने आया है। शनिवार को मालदा के मालतीपुर इलाके में चुनावी सभा के बाद जब वह हेलिकॉप्टर में सवार होने जा रही थीं, तभी उनके बेहद करीब एक संदिग्ध ड्रोन मंडराता हुआ देखा गया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम?
सूत्रों के मुताबिक, सभा समाप्त कर गजोल के लिए रवाना होने के दौरान जैसे ही ममता बनर्जी हेलिकॉप्टर की सीढ़ियों पर पहुंचीं, उनकी नजर आसमान में उड़ रहे ड्रोन पर पड़ी। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत रुककर अधिकारियों से सवाल किया—“यह कौन कर रहा है?”
बताया जा रहा है कि अगर ड्रोन हेलिकॉप्टर के उड़ान भरते समय टकराता, तो बड़ा हादसा हो सकता था
3 लोग हिरासत में, जांच तेज
पुलिस ने इस मामले में तीन स्थानीय लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि वे रैली की तस्वीरें लेने के लिए ड्रोन उड़ा रहे थे, लेकिन इसकी कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी।
एयरस्पेस सुरक्षा से जुड़े नियमों के तहत वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान ड्रोन उड़ाने पर सख्त पाबंदी होती है, ऐसे में यह मामला और भी गंभीर हो जाता है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच में NIA की एंट्री
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी एंगल खंगाल रही है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से भी जानकारी ली जा रही है कि ड्रोन के लिए कोई अनुमति ली गई थी या नहीं।
TMC ने जताई साजिश की आशंका
तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने इस घटना को लेकर साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि चुनावी माहौल के बीच इस तरह की घटना किसी बड़ी योजना का हिस्सा हो सकती है। हालांकि पार्टी के कई स्थानीय नेता इस मुद्दे पर खुलकर बोलने से बच रहे हैं।
हाल की घटनाओं से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री की हवाई यात्रा के दौरान तकनीकी बाधाओं की घटनाएं भी सामने आई थीं। ऐसे में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।