अनूपपुर जिले के कोतमा इलाके में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब कोतमा बस स्टैंड के पास स्थित चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में 8-10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है वहीं आसपास की कई दुकानें भी प्रभावित हुईं। अभी तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है घटना के समय लॉज के बगल में निर्माण कार्य चल रहा था। इमारत गिरते ही चारों तरफ धूल फैल गई और मौके पर मौजूद लोग चीखते-चिल्लाते नजर आए।
बचाव कार्य और राहत प्रयास
मौके पर तुरंत पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंच गईं। घायलों को अस्पताल भेजा गया है और बचाव कार्य जारी है।हादसे की जानकारी मिलते ही अनूपपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और मंत्री दिलीप जायसवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया और प्रभावित लोगों की मदद का आश्वासन दिया।
आसपास के इलाकों में दहशत
इस घटना के बाद पूरे कोतमा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और लगातार रेस्क्यू कार्य को देख रहे हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करवा दिया है ताकि राहत कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।