उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक माहौल धीरे-धीरे गरमाने लगा है। इसी बीच भाजपा ने एक बड़ा संकेत देते हुए यह स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी राज्य में मौजूदा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही चुनाव मैदान में उतरेगी। इस घोषणा के बाद प्रदेश की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है और विपक्ष भी अपनी रणनीति को लेकर सक्रिय नजर आ रहा है।
धामी आगामी चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करेंगे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने साफ तौर पर कहा कि धामी न सिर्फ वर्तमान में सरकार का चेहरा हैं, बल्कि आगामी चुनावों में भी वही पार्टी का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में भी स्थिर नेतृत्व और विकास के एजेंडे के साथ आगे बढ़ने की बात कही।हाल के दिनों में हुए कैबिनेट विस्तार के दौरान भी यह संकेत मिल गया था कि पार्टी के भीतर धामी की स्थिति मजबूत हो रही है। अब शीर्ष नेतृत्व की ओर से मिले इस स्पष्ट समर्थन ने यह लगभग तय कर दिया है कि भाजपा किसी नेतृत्व परिवर्तन के मूड में नहीं है।
नवीन ने उत्तराखंड सरकार के कामकाज की सराहना
नितिन नवीन ने अपने बयान में उत्तराखंड सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि हर राज्य को अपनी भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। लेकिन, धामी सरकार ने इन चुनौतियों के बीच विकास कार्यों को गति दी है और आम लोगों की जिंदगी में सुधार लाने की दिशा में ठोस प्रयास किए हैं।
भाजपा अपने कामों के आधार पर जनता के बीच जाएगी
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा अपने पिछले कामों के आधार पर जनता के बीच जाएगी और विकास को ही मुख्य मुद्दा बनाएगी। पार्टी का फोकस उन क्षेत्रों पर है, जहां लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में राहत और सुविधाएं मिल सकें। भाजपा का यह कदम संगठनात्मक स्पष्टता और नेतृत्व स्थिरता का संदेश देता है, जिससे चुनावी तैयारी को मजबूती मिलेगी। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि विपक्ष इस रणनीति का मुकाबला किस तरह करता है और क्या धामी सरकार के कामकाज को चुनाव में जनता का समर्थन मिलता है या नहीं।