देशभर में 24 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस (एनपीआरडी) मनाया जाएगा। इस अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पढ़ा जाएगा। यह दिवस 73वां संवैधानिक संशोधन अधिनियम के लागू होने की स्मृति में हर वर्ष मनाया जाता है, जिसने देश में पंचायती राज संस्थाओं को संवैधानिक दर्जा प्रदान किया। वर्ष 2026 में इस ऐतिहासिक पहल के 33 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
केंद्रीय कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियां रहेंगी मौजूद
पंचायती राज मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा से पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
पंचायत उन्नति सूचकांक और पुस्तकों का विमोचन
इस मौके पर पंचायत उन्नति सूचकांक (पीएआई)-2.0 की रिपोर्ट जारी की जाएगी। साथ ही ‘मेरी पंचायत मेरी धरोहर’ पहल के तहत तीन पुस्तकों का विमोचन होगा, जिनमें त्रिपुरा, तिरुपति और उत्तरकाशी की ग्रामीण विरासत पर आधारित प्रकाशन शामिल हैं।
ग्राम स्तर तक होगा आयोजन
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पूरे देश में राज्य, जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर मनाया जाएगा। इस दौरान ग्राम सभाओं का आयोजन कर जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को और मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
विकसित भारत में पंचायतों की भूमिका पर जोर
यह दिवस त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था की भूमिका को रेखांकित करने और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में ग्रामीण शासन की भागीदारी को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।