पश्चिम बंगाल में जारी चुनावी प्रक्रिया के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए दावा किया है कि राज्य की जनता ने “अभूतपूर्व उत्साह और जोश” के साथ परिवर्तन के लिए मतदान किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद बंगाल में ऐसा चुनाव हुआ है, जिसमें किसी भी प्रकार की मृत्यु की घटना सामने नहीं आई। इसको लेकर उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और पश्चिम बंगाल पुलिस की सराहना की।
जनता ने अपना रुख साफ कर दिया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने बयान में कहा कि चुनाव के पहले चरण में ही जनता ने अपना रुख साफ कर दिया है और राज्य में परिवर्तन तय हो चुका है। उन्होंने बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए रवीन्द्रनाथ टैगोर, सुभाष चंद्र बोस और खुदीराम बोस का नाम लिया और कहा कि इस महान भूमि ने विकास को चुना है।
110 से अधिक सीटों पर बीजेपी की जीत तय
उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चल रही विकास यात्रा में अब बंगाल भी शामिल होने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री ने सीटों के आंकड़ों को लेकर भी बड़ा अनुमान पेश किया। उन्होंने कहा कि 152 सीटों में से 110 से अधिक सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की जीत तय है। उन्होंने इसे स्पष्ट संकेत बताते हुए कहा कि दूसरे चरण के मतदान के बाद भाजपा “प्रचंड बहुमत” के साथ राज्य में सरकार बनाएगी।
दीदी जाने वाली है...
अपने बयान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की मौजूदा सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि “दीदी जाने वाली है, भाजपा आने वाली है। भय जाने वाला है, भरोसा आने वाला है।” यह टिप्पणी सीधे तौर पर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला मानी जा रही है।