कोलकाता: पश्चिम बंगाल में बीजेपी विधायक रेखा पात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से राजनीतिक गलियारों में चिंता बढ़ गई है। हिंगलगंज से बीजेपी विधायक रेखा पात्रा को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें कोलकाता के एक निजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शिफ्ट करने का फैसला किया है। परिवार की ओर से उनकी तबीयत बिगड़ने की वजह फूड पॉइजनिंग बताई गई है।
घर पर अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में कराया गया भर्ती
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को रेखा पात्रा की घर पर अचानक तबीयत खराब हो गई थी। स्थिति बिगड़ने के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती इलाज के बाद उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है। उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने आगे के इलाज के लिए कोलकाता रेफर करने का निर्णय लिया। फिलहाल उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखर्जी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
रेखा पात्रा की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने के बाद पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखर्जी अस्पताल पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि फिलहाल रेखा पात्रा की हालत स्थिर है। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, उनके परिवार ने अचानक तबीयत खराब होने की वजह फूड पॉइजनिंग बताई है। हालांकि, उनकी सेहत बिगड़ने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए डॉक्टर जांच कर रहे हैं।
डॉक्टरों की टीम कर रही है निगरानी
चिकित्सकों की टीम रेखा पात्रा की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। डॉक्टर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर किन परिस्थितियों में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी। बेहतर इलाज और जरूरी चिकित्सा सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें कोलकाता के एक निजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शिफ्ट करने का फैसला लिया गया है।
अस्पताल प्रबंधन ने मेडिकल बुलेटिन जारी करने से किया इनकार
कोलकाता के आरएन टैगोर अस्पताल के निदेशक अभिजीत सीपी ने स्पष्ट किया कि अस्पताल की ओर से रेखा पात्रा की सेहत को लेकर कोई मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मरीज की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी राज्य सरकार को उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे में आगे उनकी सेहत को लेकर आधिकारिक जानकारी राज्य सरकार की ओर से ही मीडिया के साथ साझा की जाएगी।
TMC नेता कुणाल घोष ने भी जताई चिंता
बीजेपी विधायक की तबीयत बिगड़ने पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता कुणाल घोष ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस बात का पता लगाया जाना चाहिए कि आखिर रेखा पात्रा की तबीयत अचानक किस वजह से खराब हुई। इसके साथ ही उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल रेखा पात्रा की हालत स्थिर बताई जा रही है और सभी की नजरें उनके स्वास्थ्य से जुड़ी अगली आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं।