कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक कपल के बीच विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गारिया के फर्ताबाद इलाके में एक किराये के फ्लैट में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सार्थक सरकार के रूप में हुई है। वह उत्तर 24 परगना जिले के बारासात का रहने वाला था और सॉल्ट लेक के सेक्टर-5 स्थित एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता था। इस मामले में पुलिस ने उसकी लिव-इन पार्टनर और उसकी मां की भूमिका को लेकर जांच शुरू कर दी है।
गर्लफ्रेंड के साथ किराये के फ्लैट में रहता था सार्थक
जानकारी के मुताबिक, सार्थक सरकार अपनी गर्लफ्रेंड और लिव-इन पार्टनर संचालिका के साथ गारिया के फर्ताबाद इलाके में एक किराये के फ्लैट में रहता था। संचालिका की मां मौमिता भी उनके साथ उसी फ्लैट में रहती थीं। तीनों एक साथ रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात सार्थक और संचालिका के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह बहस धीरे-धीरे हिंसक हो गई।
बहस के दौरान धारदार हथियार से हमला करने का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, शनिवार रात दोनों के बीच हुई कहासुनी के दौरान कथित तौर पर संचालिका ने धारदार हथियार से सार्थक के कंधे पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
आधी रात को फ्लैट से चीखती हुई बाहर निकली महिला
इस पूरी घटना का खुलासा रविवार तड़के करीब 1:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि फ्लैट में हुई वारदात के बाद एक महिला अचानक बाहर निकली और जोर-जोर से चिल्लाकर पड़ोसियों से मदद मांगने लगी। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जब पड़ोसियों ने फ्लैट के अंदर जाकर देखा तो सार्थक बेड पर खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। वहीं, मदद मांग रही महिला की गर्दन पर भी खरोंच के निशान दिखाई दिए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पड़ोसियों ने सुनी थी फ्लैट से तेज आवाजें
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से पहले फ्लैट से तेज आवाजें और बहस सुनाई दे रही थीं। इलाके के निवासी सायन पाल ने बताया कि इमारत में रहने वाले कुछ लोगों ने फ्लैट के अंदर से झगड़े की आवाजें सुनी थीं। वहीं, एक अन्य स्थानीय निवासी अर्कजीत बसु के अनुसार, सार्थक और उसकी पार्टनर पिछले कुछ समय से इस इलाके में रह रहे थे, लेकिन दोनों का पड़ोसियों के साथ ज्यादा मेलजोल नहीं था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
गर्लफ्रेंड के साथ मां की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस को इस मामले में संचालिका की मां मौमिता की भूमिका को लेकर भी संदेह है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वारदात के समय वह फ्लैट में मौजूद थीं या नहीं और घटना में उनकी कोई भूमिका थी या नहीं। हालांकि, फिलहाल उनकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है और उनके बयानों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस, हथियार की भी होगी जांच
बारुईपुर पुलिस जिले के एसपी अरविंद कुमार आनंद ने बताया कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है। दोनों महिलाओं की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पूछताछ के दौरान हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सार्थक और उसकी पार्टनर के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और आखिरकार मामला इतना गंभीर कैसे हो गया।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, हमले की परिस्थितियों और वारदात के दौरान फ्लैट में मौजूद दोनों महिलाओं की भूमिका की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।