बांग्लादेश के मौजूदा हालात पर पश्चिम बंगाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बांग्लादेश में हिंदुओं पर लगातार हो रहे कथित अत्याचार और हमलों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आम लोगों से सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने की अपील की है।
'बांग्लादेश में जो हो रहा है, उसके खिलाफ सभी को उतरना चाहिए सड़क पर'
शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि बांग्लादेश में जिस तरह के हालात बन रहे हैं, उनके खिलाफ हर व्यक्ति को आवाज उठानी चाहिए। एक बंगाली हिंदू और भारतीय होने के नाते इस तरह की घटनाओं का विरोध करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिंदुओं पर लगातार हो रहे अत्याचार अस्वीकार्य हैं।
'मारे जा रहे लोग हमारे भाई, हमारा खून हैं'
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बांग्लादेश में जिन लोगों की जान जा रही है, वे हमारे भाई हैं और हमारा ही खून हैं। धर्म के आधार पर चुन-चुनकर लोगों को निशाना बनाना अन्याय है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और आम नागरिकों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर विरोध दर्ज कराने की अपील की।
बांग्लादेश के गठन को लेकर भी उठाए सवाल
शमीक भट्टाचार्य ने बांग्लादेश के गठन के इतिहास पर भी टिप्पणी की। उनका कहना है कि बांग्लादेश का निर्माण केवल भाषा के आधार पर हुआ था, यह व्याख्या पूरी तरह सही नहीं है। भारत के इतिहास और बांग्लादेश के जन्म की पृष्ठभूमि को और गहराई से समझने की जरूरत है।
'दोनों बॉर्डर बंद कर दें तो सब ठंडा हो जाएगा'
सीमा की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए शमीक भट्टाचार्य ने कहा, "दोनों बॉर्डर बंद कर दें तो सब ठंडा हो जाएगा।" हालांकि, उन्होंने सीमा बंद करने को लेकर किसी औपचारिक प्रस्ताव या फैसले की जानकारी नहीं दी।
केंद्र सरकार स्थिति पर रख रही है नजर
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार बांग्लादेश के पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। एक जिम्मेदार सरकार के तौर पर केंद्र निश्चित रूप से हालात के मुताबिक जरूरी निर्णय लेगा।