कोलकाता: कोलकाता के खिदिरपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में आयोजित उल्टा रथयात्रा के अवसर पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भगवान जगन्नाथ, श्रीबलराम और माता सुभद्रा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवताओं को पुष्प और फल अर्पित कर उल्टा रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे।
भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' का संदेश
पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी द्वारा अवैध वसूली किए जाने की शिकायत फोटो या अन्य ठोस सबूतों के साथ सरकार तक पहुंचती है, तो संबंधित कर्मचारी को तत्काल निलंबित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की नीति पूरी तरह 'जीरो टॉलरेंस' की है।
माफिया के खिलाफ जल्द शुरू होगी टोल-फ्री हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री ने बताया कि केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि बालू, कोयला और अन्य माफिया गिरोहों के खिलाफ भी आम लोग सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए नवान्न में जल्द ही एक टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जहां भ्रष्टाचार, रंगदारी और अन्य अवैध गतिविधियों की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। शिकायत मिलने के बाद तुरंत जांच शुरू कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नीट विवाद पर सरकार गंभीर
नीट प्रश्नपत्र लीक के आरोपों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलनों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में उनकी जादवपुर विश्वविद्यालय के कुलपति से बातचीत हो चुकी है। सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से नजर रख रही है और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर सख्त चेतावनी
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पश्चिम बंगाल में किसी भी प्रकार की राष्ट्रविरोधी गतिविधि या नारेबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन ऐसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करेगा और राज्य से समाजविरोधी तथा राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस सम्मानपूर्वक मनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त और 26 जनवरी राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में पूरे सम्मान के साथ मनाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि बंगाल स्वतंत्रता सेनानियों की धरती है और यहां राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है।