कोलकाता: पश्चिम बंगाल की कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद इन फैसलों की जानकारी देते हुए रोजगार, युवा कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और बिजली व्यवस्था को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 10,146 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है। वहीं, अब राज्य सरकार की भर्ती परीक्षाओं में उम्मीदवारों को कोई परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा। इसके अलावा, युवा साथी योजना का नाम बदलकर ‘भरोसा’ योजना कर दिया गया है, जिसके तहत जनवरी 2027 से युवाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पेश होंगे 8 विधेयक, पश्चिम बंगाल के नाम को लेकर भी प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी 4 से 14 तारीख तक पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र आयोजित होगा। इस सत्र में कुल आठ विधेयक पेश किए जाएंगे, जिन्हें राज्य मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। अब इन विधेयकों को राज्यपाल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा, आगामी 9 तारीख को विधानसभा में पश्चिम बंगाल का अंग्रेजी नाम भी ‘West Bengal’ के बजाय ‘Paschim Banga’ करने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
बंगाल में 10,146 पदों पर होगी भर्ती, पुलिस और EFR में सबसे ज्यादा नियुक्तियां
रोजगार के मोर्चे पर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। कैबिनेट बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 10,146 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है। इनमें सबसे ज्यादा नियुक्तियां होम एंड हिल अफेयर्स विभाग के अंतर्गत होंगी। ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स (EFR) में भी 1,000 जवानों की भर्ती का प्रस्ताव है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, होम एंड हिल अफेयर्स विभाग में कुल 9,250 पदों पर भर्ती होगी। इसमें 650 सब-इंस्पेक्टर, 8,000 कांस्टेबल, 600 राइफलमैन और एंटी नारकोटिक्स शाखा में 48 पद शामिल हैं। इसके अलावा साइबर क्राइम विभाग में 160 डेटा एंट्री ऑपरेटरों की नियुक्ति की जाएगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 638 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव है। इसके साथ ही पर्यटन, शहरी विकास समेत अन्य विभागों में भी नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती प्रक्रिया लोक सेवा आयोग (PSC), पुलिस रिक्रूटमेंट बोर्ड (PRB), हेल्थ रिक्रूटमेंट बोर्ड और कुछ मामलों में जिलाधिकारियों के माध्यम से पूरी की जाएगी।
दिसंबर में 1,331 नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य, जनवरी में 4,000 कोलकाता पुलिस कांस्टेबल को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने राज्य में एक लाख सरकारी नौकरियां देने के लक्ष्य को दोहराया। उन्होंने बताया कि अब तक पुलिस और सहकारी क्षेत्र में लगभग 11 हजार नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। दिसंबर महीने में 1,331 और नियुक्तियां पूरी करने की योजना है। इसके अलावा 1,331 सब-इंस्पेक्टरों की भर्ती प्रक्रिया भी लगभग तैयार है। वहीं, जनवरी के दूसरे सप्ताह में कोलकाता पुलिस के 4,000 कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र देने की योजना है।
सरकारी नौकरी की भर्ती परीक्षाओं में अब नहीं लगेगी फीस, पूरा खर्च उठाएगी राज्य सरकार
बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है मुख्यमंत्री ने। अब से पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से जारी होने वाली सभी नई भर्ती अधिसूचनाओं के तहत आयोजित परीक्षाओं में उम्मीदवारों को कोई परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा। सामान्य वर्ग के साथ-साथ एससी और एसटी उम्मीदवारों को भी इस शुल्क से पूरी तरह छूट मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कई भर्ती परीक्षाओं में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये और एससी-एसटी उम्मीदवारों को 250 रुपये तक परीक्षा शुल्क देना पड़ता था। अब यह पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवक-युवतियों से नौकरी के आवेदन के नाम पर पैसे लेना उचित नहीं है।
युवा साथी योजना का नाम बदलकर ‘भरोसा’, जनवरी 2027 से युवाओं को मिलेगी आर्थिक सहायता
राज्य सरकार ने युवा साथी योजना का नाम बदलकर ‘भरोसा’ कर दिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना का नोडल विभाग युवा कल्याण विभाग होगा। योजना के तहत फिलहाल स्नातक युवाओं को हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, सरकारी ITI, सरकारी वोकेशनल और तकनीकी शिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को भी 2,000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।
जो युवा स्नातक नहीं हैं और किसी सरकारी तकनीकी शिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण भी नहीं ले रहे हैं, उन्हें हर महीने 1,500 रुपये दिए जाएंगे। यह व्यवस्था जनवरी 2027 से शुरू होगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, फिलहाल अगले 15 महीनों तक इसी दर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके बाद वित्त वर्ष 2028-29 से स्नातक युवाओं को 3,000 रुपये और अन्य पात्र युवाओं को 2,000 रुपये प्रतिमाह देने की योजना है।
‘भरोसा’ योजना के लिए 54 लाख युवाओं का होगा वेरिफिकेशन, नए आवेदनकर्ताओं को भी मिलेगा मौका
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछली योजना के तहत पंजीकृत करीब 54 लाख युवाओं के दस्तावेजों का दोबारा सत्यापन किया जाएगा। आधार से जुड़े बैंक खाते, शैक्षणिक योग्यता और उम्र की जांच की जाएगी। यह प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी करने का लक्ष्य है।
वहीं, जो युवा पिछली योजना में आवेदन नहीं कर पाए थे या किसी कारणवश लाभ से वंचित रह गए थे, वे ‘आपका सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। संबंधित विभाग इन आवेदनों को युवा कल्याण विभाग के पास भेजेंगे। दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र युवाओं को योजना में शामिल किया जाएगा। योजना के तहत हर महीने के दूसरे सप्ताह में लाभार्थियों के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे। हालांकि, अन्नपूर्णा योजना के तहत हर महीने 3,000 रुपये पाने वाले लाभार्थियों को ‘भरोसा’ योजना का लाभ नहीं मिलेगा। साथ ही एक परिवार से अधिकतम दो लोगों को ही इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
अनाथालय और दिव्यांग आश्रमों में भोजन का बजट 56 से बढ़कर 110 रुपये
राज्य सरकार ने सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में भी अहम फैसला लिया है। अनाथालयों और दिव्यांगजनों के आवासीय संस्थानों में रहने वाले लोगों के भोजन के लिए प्रतिदिन प्रति व्यक्ति मिलने वाली राशि 56 रुपये से बढ़ाकर 110 रुपये कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह नई दर 1 दिसंबर से लागू होगी। वर्ष 2017 के बाद इस मद में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी।
गोशालाओं को हर साल मिलेगी एक लाख रुपये तक की सहायता, लॉन्च हुआ ‘गोकुल मिशन’
पशुपालन और पशु संसाधन विकास विभाग की ओर से राज्य में ‘गोकुल मिशन’ शुरू करने का फैसला लिया गया है। इसके तहत गोशालाओं के रखरखाव और संचालन के लिए हर साल एक लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा दूध देने वाली गायों की खरीद के लिए भी विशेष योजना बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गोशालाओं में बुजुर्ग गायों की देखभाल और संरक्षण के लिए भी सरकार आर्थिक सहयोग करेगी। इस योजना का उद्देश्य गोशालाओं को मजबूत करना और पशुधन के संरक्षण को बढ़ावा देना है।
जनवरी 2027 से हर महीने आएगा बिजली बिल, तिमाही बिल व्यवस्था होगी खत्म
बिजली उपभोक्ताओं की मांग को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने एक और अहम फैसला लिया है। जनवरी 2027 से तिमाही बिजली बिल की जगह हर महीने बिजली बिल जारी किया जाएगा। इसके लिए हर महीने मीटर रीडिंग ली जाएगी और उसी आधार पर उपभोक्ताओं को बिल भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की बिजली वितरण व्यवस्था में यह बदलाव लागू किया जाएगा। साथ ही CESC से भी इसी व्यवस्था को अपनाने का अनुरोध किया जाएगा।
विधानसभा में आएंगे भूमि सुधार, पंचायत, श्रम और उद्योग से जुड़े विधेयक
शीतकालीन सत्र में राज्य सरकार कई विभागों से जुड़े संशोधन विधेयक पेश करेगी। इनमें पंचायत, भूमि सुधार, MSME, श्रम और वित्त विभाग के विधेयक शामिल हैं।
प्रमुख विधेयकों में वेस्ट बंगाल पंचायत एक्ट, 1973 संशोधन विधेयक, वेस्ट बंगाल लैंड रिफॉर्म्स थर्ड अमेंडमेंट बिल 2026, वेस्ट बंगाल ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बिल 2026 और वेस्ट बंगाल जन विश्वास अमेंडमेंट प्रोविजन बिल 2026 शामिल हैं। इसके अलावा वेस्ट बंगाल शॉप्स एंड एस्टैब्लिशमेंट अमेंडमेंट बिल 2026 भी पेश किया जाएगा। इसके तहत दुकानदारों को चाहने पर रातभर दुकान खोलकर रखने की अनुमति देने का प्रस्ताव है। वहीं, ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशन से जुड़े नियमों में भी संशोधन किया जाएगा। वित्त विभाग की ओर से वेस्ट बंगाल सेल्स टैक्स सेटलमेंट ऑफ डिस्प्यूट्स अमेंडमेंट बिल 2026 भी लाया जाएगा।
पूर्व विधायकों का मेडिकल भत्ता बढ़ाने का प्रस्ताव, सुभाषचंद्र बोस सेवा केंद्र के लिए भी राशि
कैबिनेट बैठक में पूर्व विधायकों के मेडिकल भत्ते को 6,000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इसके साथ ही सुभाषचंद्र बोस सेवा केंद्र के कार्यालय संचालन के लिए 30,000 रुपये आवंटित करने की बात कही गई है। इन प्रस्तावों को लेकर विधानसभा में विधेयक लाने की तैयारी है। वहीं, सराय लाइसेंस से संबंधित कानून को वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
रामकृष्ण मिशन के और शिक्षा संस्थानों को मिलेगी सालाना आर्थिक सहायता
राज्य सरकार ने रामकृष्ण मिशन द्वारा संचालित कुछ और शिक्षण संस्थानों को वार्षिक आर्थिक सहायता के दायरे में शामिल करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मिशन द्वारा संचालित कॉलेजों, अन्य शिक्षण संस्थानों और सेवा केंद्रों को भी इस सहायता का लाभ मिलेगा।
औद्योगिक और व्यावसायिक बिजली की खपत बढ़ी, दिसंबर से बाहर से बिजली खरीदेगा बंगाल
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले छह महीनों में राज्य में औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में बिजली की खपत में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसी वजह से दिसंबर महीने से राज्य को बाहर से बिजली खरीदनी पड़ेगी। इसके लिए ग्लोबल ओपन टेंडर जारी किया गया है और सबसे कम बोली लगाने वाले यानी L1 टेंडरधारक को बिजली खरीद का जिम्मा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योग और व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने के कारण बिजली की मांग में इजाफा हुआ है। आने वाले दिनों में इस संबंध में विस्तृत आंकड़े भी पेश किए जाएंगे।
गायों के संरक्षण पर सख्त रुख, कानून लाने के भी दिए संकेत
गोवंश संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में गायों की सुरक्षा और देखभाल के लिए सरकार गंभीर है। इस संबंध में 1950 के कैटल एक्ट और हाईकोर्ट के फैसले का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर नया विधेयक भी लाया जा सकता है।
उन्होंने कथित तौर पर गायों की अवैध कटाई और तस्करी से जुड़े मामलों की जानकारी सरकार तक पहुंचाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।