पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हाल ही में हुई भारी बारिश और चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर किसानों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है। चक्रवात का सीधा लैंडफॉल बंगाल में नहीं हुआ, लेकिन ओडिशा के गोपालपुर में लैंडफॉल होने के कारण राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हुई। इसके चलते बड़े पैमाने पर कृषि भूमि और फसलों को नुकसान पहुंचा है।
5.73 लाख किसानों को मिलेगी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने प्राथमिक तौर पर 5 लाख 73 हजार किसानों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 17 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, न्यूनतम एक कट्ठा जमीन प्रभावित होने पर भी किसानों को 2 हजार रुपये मिलेंगे।
बारिश पर निर्भर कृषि क्षेत्रों के किसानों को प्रति हेक्टेयर 8,500 रुपये दिए जाएंगे। ऐसे क्षेत्रों में एक कट्ठा जमीन पर खेती करने वाले किसानों को न्यूनतम 1 हजार रुपये की सहायता मिलेगी।
बहुवर्षीय फसलों के नुकसान पर 22,500 रुपये प्रति हेक्टेयर
बहुवर्षीय फसलों को हुए नुकसान के लिए प्रति हेक्टेयर 22,500 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इस श्रेणी में न्यूनतम सहायता राशि 2,500 रुपये निर्धारित की गई है।
48 हजार किसानों को बांटे जाएंगे बीज
फसल नुकसान के बाद किसानों को दोबारा खेती शुरू करने में मदद देने के लिए राज्य सरकार बीज भी वितरित करेगी। फिलहाल 29 हजार किसानों को चिह्नित किया गया है। इन्हें धान, तिल, मूंगफली और गर्मी में उगाई जाने वाली मूंग के बीज दिए जाएंगे।
इसके अलावा किसानों को गर्मी के मौसम में उगाई जाने वाली सब्जियों के बीज की किट भी उपलब्ध कराई जाएगी। कुल 48 हजार किसानों को लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से बीज वितरित किए जाएंगे।
पान की खेती को भी भारी नुकसान, 9,240 किसानों को मिलेगी मदद
दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और हावड़ा ग्रामीण इलाकों में पान की खेती को नुकसान पहुंचा है। कुल 9,240 पान उत्पादक किसानों को सहायता देने के लिए 2 करोड़ 31 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
मालदा में ओलावृष्टि से प्रभावित 19 हजार किसानों को मुआवजा
मुख्यमंत्री ने बताया कि 11 नवंबर को अचानक हुई ओलावृष्टि और तूफान के कारण मालदा जिले के गाजोल और हबीबपुर इलाके में भी फसलों को नुकसान पहुंचा था। यहां के 19 हजार किसानों को कुल 8 करोड़ 12 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
अमन धान को सबसे ज्यादा नुकसान, 576 करोड़ रुपये की क्षति
प्रारंभिक आकलन के अनुसार, सबसे ज्यादा नुकसान अमन धान की फसल को हुआ है। अलग-अलग फसलों को हुए नुकसान का आकलन इस प्रकार है:
अमन धान: 1,31,384 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित, लगभग 576 करोड़ रुपये का नुकसान।
फूलों की खेती: 1,060 हेक्टेयर प्रभावित।
पान की खेती: 385 हेक्टेयर प्रभावित, लगभग 24 करोड़ रुपये का नुकसान।
सब्जियों की खेती: 789.5 हेक्टेयर प्रभावित, लगभग 11.4 करोड़ रुपये का नुकसान।
हॉर्टिकल्चर: लगभग 131.4 करोड़ रुपये का नुकसान।
कुल मिलाकर कृषि क्षेत्र में लगभग 685 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
इन जिलों के किसानों को हुआ नुकसान
मुख्यमंत्री के मुताबिक हुगली, हावड़ा, बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, झाड़ग्राम, पुरुलिया और पूर्व मेदिनीपुर समेत कई जिलों के किसान प्रभावित हुए हैं।
से पानी निकालने के लिए कल से विशेष अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि धान की फसल पक चुकी है और इस समय उसकी कटाई बेहद जरूरी है। खेतों में पानी जमा रहने से तैयार धान बर्बाद होने का खतरा है। इसलिए सोमवार से विशेष अभियान चलाकर खेतों से पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी।
इसके लिए पंप और विशेष पाइप लगाए जाएंगे। किसानों को पानी निकालने के लिए किसी तरह का अतिरिक्त खर्च नहीं देना होगा। विधायकों और संबंधित विभागों को प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। मनरेगा के श्रमिकों की मदद से भी जल निकासी का काम कराया जाएगा।
दो दिनों के भीतर किसानों के खाते में पहुंचेगी राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन के माध्यम से अगले दो दिनों के भीतर किसानों के बैंक खातों में मुआवजे की राशि पहुंचा दी जाएगी। प्रभावित किसानों की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर भी शुरू किया गया है।
SDRF और CRF फंड से दी जा रही सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से SDRF और CRF की राशि का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने भूतनी में पिछले छह वर्षों से लगातार प्रभावित हो रहे लोगों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने खुद की मौजूदगी में 240 करोड़ रुपये वितरित किए हैं।
इसके अलावा आपदा प्रबंधन विभाग के तहत 435 योजनाओं में 249 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।