जलपाईगुड़ी: सोमवार 27 जुलाई को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का नया बयान निकल कर सामने आ रहा है कि उत्तर बंगाल में स्थित वो चंद चाय बागान जो इतने दिनों से बंद पड़े हैं, वे अगले कुछ महीनों में खुलेंगे और इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रवासी मजदूरों से भी वापस आने का निवेदन किया है।
प्रधानमंत्री चाय श्रमिक योजना और बंद बागान
“हमलोग प्रधानमंत्री चाय श्रमिक योजना का हिस्सा हैं। इस योजना के तहत 300 करोड़ से अधिक धनराशि हमे आवंटित की गई है। बंद रहे चाय बागान के श्रमिकों को इस योजना से लाभ होगा। लगभग 25 चाय बागान जो बंद पड़े हैं, उनमें से 10-12 बागान के अगले दो से तीन महीनों में ही खुलने की संभावना है,” सुवेंदु बोले। वह ये भी बोलते नज़र आए कि स्टेट लेबर मिनिस्टर अर्जुन सिंह और टी बोर्ड के डिप्टी चेयरपर्सन सी मुरुगन ने चाय बागानों को खोलने के लिए कुछ कदम उठाए हैं। उत्तर बंगाल के चाय बागान उपेक्षा का शिकार हैं और जिन श्रमिकों की मजदूरी 250 रुपये प्रतिदिन है, उन्हें चाय बागानों के बंद होने पर भारी समस्या का सामना करना पड़ता है।
प्रवासी मजदूरों से लौटने का निवेदन
इसलिए मुख्यमंत्री ने प्रवासी मजदूरों से निवेदन करते हुए वापस लौटने की मांग की। "मैं प्रवासी मजदूरों से वापस आने की अपील करता हूँ। राज्य में कई औद्योगिक अवसरों का उभार देखा जा रहा है। राज्य और केंद्र सरकार द्वारा संयुक्त रूप से कई परियोजनाएं भी लागू की जा रही हैं,"सुवेंदु ने कहा। मुख्यमंत्री ने राज्य में हाल ही में आए निवेश प्रस्तावों का हवाला दिया और कहा कि राज्य में पर्याप्त रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद, कई औद्योगिक घरानों ने राज्य में निवेश परियोजनाओं की घोषणा की है। पश्चिम बंगाल से दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों की संख्या लगभग 20 लाख से 50 लाख के बीच है, जो राज्य में पर्याप्त रोजगार के अवसर न होने के कारण दूसरे राज्यों में काम करने के लिए मजबूर हैं।
नई स्वास्थ्य योजना और अन्य घोषणाएं
सुवेंदु ने उन लोगों के लिए एक नई स्वास्थ्य योजना - 'मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना' की घोषणा की, जो आयुष्मान भारत योजना के तहत कवर नहीं हैं।"जो लोग आयुष्मान भारत योजना के तहत कवर नहीं हैं, उन्हें मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत लाभ मिलेगा। आयुष्मान भारत कार्ड का वितरण 16 अगस्त से शुरू होगा, और सभी पात्र लाभार्थियों को 30 अगस्त तक अन्नपूर्णा योजना के तहत लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। किसी भी आम नागरिक को किसी भी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा," उन्होंने कहा।