वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बीच मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। बीएसई सेंसेक्स 809 अंक यानी करीब 1 प्रतिशत की तेजी के साथ 78,375.73 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 252 अंक या लगभग 1 प्रतिशत चढ़कर 24,280.80 के स्तर पर पहुंच गया।
कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर ने दिखाई सबसे ज्यादा मजबूती
शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी का नेतृत्व कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर ने किया। निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहा। इसके अलावा ऑटो, पीएसयू बैंक, रियल्टी, मैन्युफैक्चरिंग, मेटल, फार्मा, डिफेंस, हेल्थकेयर, मीडिया, कमोडिटी और एनर्जी सेक्टरों में भी तेजी दर्ज की गई। वहीं आईटी और ऑयल एंड गैस सेक्टर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बढ़त
लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 618 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 56,884 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 224 अंक यानी 1.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ 16,357 पर कारोबार कर रहा था।
इन कंपनियों के शेयर रहे टॉप गेनर और लूजर
सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, टाइटन, टाटा स्टील, एलएंडटी, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, मारुति सुजुकी, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, बीईएल और सन फार्मा के शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
वहीं इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, आईटीसी और एक्सिस बैंक के शेयरों में गिरावट देखी गई।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों का मिला सपोर्ट
ज्यादातर एशियाई बाजारों में भी तेजी देखने को मिली। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक, जकार्ता और सोल के बाजार हरे निशान में खुले। वहीं अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाओ जोंस में 0.50 प्रतिशत और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक में 1.38 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई।
एफआईआई ने की बिकवाली, डीआईआई ने किया निवेश
सोमवार के कारोबारी सत्र में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 6,345.57 करोड़ रुपये की बिकवाली की। इसके विपरीत घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 9,013.80 करोड़ रुपये का निवेश किया।
कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट
हालिया तेजी के बाद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिली है। खबर लिखे जाने तक डब्ल्यूटीआई क्रूड 6.30 प्रतिशत गिरकर 88.80 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 6.34 प्रतिशत गिरकर 92.69 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
Comments (0)