संजय सिंह को दिल्ली आबकारी घोटाले से जुड़े मनी लांड्रिग केस में गिरफ्तार किया गया है। ED का दावा है कि उसके पास संजय सिंह के खिलाफ पर्याप्त सबूत थे।अब संजय सिंह को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। गुरुवार सुबह आम आदमी पार्टी इस गिरफ्तारी के खिलाफ भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगी। कैबिनेट मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज तथा पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि पार्टी आगे भी भाजपा सरकार की पोल ऐसे ही खोलती रहेगी।
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने साधा निशाना
पूरे मामले पर राजनीति तेज है। विपक्ष ने जहां इसे मोदी सरकार का डर और तानाशाही करार दिया, वहीं भाजपा का कहना है कि यही आम आदमी पार्टी की सच्चाई है। भाजपा ने कहा कि आप नेताओं के भ्रष्टाचार की सच्चाई सामने आने लगी है। AAP सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, जब लोग भ्रष्टाचार करेंगे तो कानून तो अपना काम करेगा। पीएम मोदी ने कहा था न खाऊंगा न खाने दूंगा तो बेईमान लोगों को होशियार रहना चाहिए था। भ्रष्टाचार है तभी तो ईडी और CBI काम कर रही है। हमारे पास क्यों नहीं आती ईडी और CBI तु्म्हारे पास ही क्यों आती है? ईडी और CBI को वेतन इसलिए मिलता कि वो बेईमान के खिलाफ कार्रवाई कर सके।
स्टाफ सदस्यों और उनसे जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की थी
इससे पहले दिन में ED ने इस मामले में संजय सिंह के आवास पर छापा मारा था। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की गई। अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़े कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर भी इस अभियान के दौरान छापे मारे गए। ईडी ने इस मामले में पहले संजय सिंह के स्टाफ सदस्यों और उनसे जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की थी। ऐसा आरोप है कि शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने के लिए दिल्ली सरकार की 2021-22 के लिए लाई गई आबकारी नीति ने गुटबंदी को बढ़ावा दिया और कुछ डीलर को फायदा पहुंचाया, जिन्होंने इसके लिए कथित तौर पर रिश्वत दी थी।
Comments (0)