मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार पर 50 फीसदी कमीशन का आरोप को लगाने पर प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ केस दर्ज करने के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार को मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन किया। एमपी कांग्रेस मीडिया सेल के अध्यक्ष केके मिश्रा ने दावा किया कि राज्य के 41 जिलों में प्रियंका गांधी वाड्रा, कम नाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और जयराम रमेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं। वहीं 50 फीसदी कमीशन वाले मामले में प्रियंका गांधी पर हुई FIR पर राष्ट्रीय कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा कि, BJP को आगामी मध्य प्रदेश चुनाव में अपनी हार साफ नजर आ रही है।
पार्टी पूरी तरह घबरा और बौखला गई
सामने दिख रही हार से पार्टी पूरी तरह घबरा और बौखला गई है। इस बौखलाहट का ही नतीजा देखिए। जब श्रीमती प्रियंका गांधी जी ने मध्य प्रदेश में चल रहे 50% कमीशन के गोरखधंधे के खिलाफ आवाज उठाई तो अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए BJP सरकार ने उनके खिलाफ 41 जिलों में FIR दर्ज करवा दी। अगर BJP सच के साथ होती तो वे इसका सामने से जवाब देती, न कि हमेशा की तरह पुलिस के पीछे छिपकर सच्चाई को दबाने की कोशिश करती। लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। सच बहुत जल्द जनता के सामने होगा। जनता आपको माफ नहीं करने वाली । विनाश काले, विपरीत बुद्धि ।
पीसी शर्मा ने कहा
एमपी के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने आरोप लगाया कि अगर कोई सच बोलता है, तो उसे मध्य प्रदेश में FIR का सामना करना पड़ता है, जबकि वे (भाजपा नेता) हर दिन झूठ बोलते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जाता है। पीसी शर्मा और केके मिश्रा ने कहा कि उन्हें अपनी हद में रहना चाहिए, नहीं तो 4 महीने बाद उनकी वर्दी छीन ली जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले ढाई साल में हुए ”घोटालों” की एक सूची जारी करेगी। तब आप (सरकार) कितने लोगों पर मामला दर्ज करेंगे?
क्या था मामला
बता दें कि प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर दावा किया था कि मध्य प्रदेश के ठेकेदारों के एक संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उन्हें 50 प्रतिशत कमीशन देने के बाद ही पेमेंट होती है। प्रियंका ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि “कर्नाटक की भ्रष्ट बीजेपी सरकार 40% कमीशन वसूलती थी। मध्य प्रदेश में बीजेपी अपने ही भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन वाली सरकार को हटा दिया, अब मध्य प्रदेश की जनता 50% कमीशन वाली सरकार को हटाएगी।
Comments (0)