प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर मध्य प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी इस बार रायसेन जिले के विश्व पर्यटन स्थल सांची में नवंबर माह में होने जा रहे 72वें महाबोधि महोत्सव में शामिल होंगे। श्रीलंका महाबोधि सोसाइटी के प्रमुख और लंकाजी टेम्पल जापान के संघ नायक वंगाल उपतिस्स नायक थेरो ने प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर उन्हें सांची में आयोजित विशेष महोत्सव में आने का आमंत्रण दिया जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। सांची में चेतियागिरी विहार की वर्षगांठ के अवसर पर श्रीलंका सांची केंद्र की महाबोधि सोसायटी और मध्य प्रदेश सरकार के संयुक्त तत्वावधान में इस दो दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही सांची में होने जा रहे एक बड़े धार्मिक महोत्सव में शिरकत करने आ रहे हैं। यह महोत्सव बौद्ध धर्म से जुड़ा एक धार्मिक महोत्सव है। इसमें देश-विदेश से बौद्ध धर्म के अनुयायी भगवान बुद्ध के दो प्रसिद्ध अनुयायियों की अस्थियों के दर्शन करने आ रहे हैं।
Comments (0)