एमपी के छिंदवाड़ा जिले की साहसी बेटी भावना डेहरिया ने दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट एकांकागुआ (6961 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर इतिहास रच दिया है। आपको बता दें कि, भावना ने ये उपलब्धि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की 10वीं वर्षगांठ पर हासिल किया है जो महिलाओं और बेटियों को प्रेरित करने का एक अनूठा संदेश है। इस खास उपलब्धि पर डेहरिया ने कहा कि अगर मैं कर सकती हूं तो हर बेटी कर सकती है। ये भावना की अदम्य इच्छाशक्ति और साहस का प्रमाण है।
भावना डेहरिया की साहसिक यात्रा की कहानी
आपको बता दें कि बेटी भावना डेहरिया ने अपनी यात्रा 11 जनवरी 2025 को होर्कोनेस वैली मार्ग से शुरू की। दो सप्ताह के कठिन परिश्रम, खराब मौसम और बेहद ठंडे वातावरण का सामना करते हुए उन्होंने कई चुनौतियों को पार किया। भावना ने प्लाजा डी मूलस बेस कैंप, कैंप निडो डी कॉन्डोरेस (5,365 मीटर) और कैंप कोलेरा (6,000 मीटर) जैसे पड़ावों पर रुकते हुए चढ़ाई पूरी की।
भावना डेहरिया की यह दूसरी कोशिश थी
इस दौरान तापमान -13 डिग्री से -27 डिग्री तक गिर गया, लेकिन उनके साहस और दृढ़ता ने सभी बाधाओं को पीछे छोड़ दिया। आपको बता दें कि भावना की यह दूसरी कोशिश थी। साल 2019 में भावना ने 6,500 मीटर तक पहुंचने के बाद खराब मौसम के कारण लौट गई थीं। इस बार उन्होंने अपने लक्ष्य को पूरा कर लिया और अपने साहसिक सफर की कमी को पूरा किया।
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना की ब्रांड एंबेसडर हैं
दरअसल, माउंट एकांकागुआ की चढ़ाई भावना डेहरिया की दुनिया के सात महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों में से पांचवीं सफलता है। इससे पहले, उन्होंने माउंट एवरेस्ट, किलिमंजारो, कोसिउस्को और एलब्रुस पर चढ़ाई की है। वे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना की ब्रांड एंबेसडर भी हैं। उन्होंने अपनी 3 वर्षीय बेटी सिद्धि के साथ एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचने का भी रिकॉर्ड बनाया है।
भावना डेहरिया को शासन से मदद की आस है
छिंदवाड़ा जिले की साहसी बेटी भावना डेहरिया ने बताया कि शासन से मदद मिले तो वे कई कीर्तिमान स्थापित करेंगी। जिले एवं प्रदेश की बेटियां राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। हालांकि अधिकतर बेटियों को शासन से मदद नहीं मिल पा रही है।
भावना डेहरिया को सोशल मीडिया पर बधाई संदेश
भावना डेहरिया की इस ऐतिहासिक सफलता पर कई प्रमुख नेताओं ने बधाई दी। इनमें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और अन्य कई मंत्री और विधायकों ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी प्रशंसा की।
Comments (0)