केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ में सड़क अवसंरचना के विकास के लिए ₹664.67 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि Central Road & Infrastructure Fund (CRIF) से राज्य के पाँच जिलों में लगभग 173.70 किलोमीटर सड़कों के मजबूतीकरण,चौड़ीकरण और उन्नयन के लिए दी गई है मंत्रालय ने राशि स्वीकृति का आदेश राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग के सचिव को भेज दिया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान...
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिल रही है। वहीं उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग द्वारा भारत सरकार को चार प्रमुख सड़क खंडों के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण के प्रस्ताव भेजे गए थे, जिन्हें मंजूरी प्रदान की गई है।
स्वीकृत सड़क परियोजनाएँ इस प्रकार हैं
मुंगेली जिला – कोटा–लोरमी–पंडरिया मार्ग के 21 किमी हिस्से में फोरलेन निर्माण एवं मजबूतीकरण के लिए ₹156.33 करोड़।
कांकेर जिला – कांकेर–भानुप्रतापपुर–संबलपुर मार्ग के 48.4 किमी हिस्से में टू-लेन सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण हेतु ₹130.63 करोड़।
सुकमा–दंतेवाड़ा – सुकमा से दंतेवाड़ा मार्ग के 68 किमी हिस्से में टू-लेन सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए ₹230.85 करोड़।
गरियाबंद जिला – राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मार्ग के 35.5 किमी हिस्से में सड़क मजबूतीकरण एवं उन्नयन के लिए ₹146.86 करोड़।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान...
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इन परियोजनाओं से मुंगेली, कांकेर, सुकमा, दंतेवाड़ा और गरियाबंद जैसे दूरवर्ती एवं नक्सल प्रभावित जिलों में आवागमन सुगम होगा और क्षेत्रीय विकास को मजबूती मिलेगी। राज्यीय राजमार्गों और मुख्य जिला मार्गों के उन्नयन से आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
Comments (0)