रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी केवल एक केंद्र नहीं, बल्कि बच्चे के जीवन की पहली पाठशाला है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और सुपोषित भविष्य की नींव रखती हैं। उन्होंने यह बात सिविल लाइन्स स्थित सर्किट हाउस में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह में कही।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सम्मानित
महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रायपुर के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान 'पोषित बचपन, समृद्ध छत्तीसगढ़' के लक्ष्य को पूरा करने में आंगनबाड़ी कर्मियों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने बाल विवाह रोकने की शपथ भी ली।
गर्भवती माताओं और बच्चों के पोषण में अहम भूमिका
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं गर्भवती माताओं की देखभाल से लेकर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं। वे गांव-गांव और घर-घर तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। दूरस्थ गांवों और कठिन परिस्थितियों में भी उनके सेवाभाव और समर्पण से बच्चों एवं माताओं को जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं।
कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मंत्री ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल भविष्य बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं, बच्चों और पोषण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना, कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और 'हर घर मुनगा' जैसी पहलों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो और प्रत्येक गर्भवती माता को उचित पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।
सेवाभाव और समर्पण के लिए कार्यकर्ताओं को दी बधाई
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सम्मानित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह समारोह उनके परिश्रम, त्याग और सेवाभाव के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने सभी से बच्चों और माताओं के बेहतर भविष्य के लिए इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
समारोह में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अलावा रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री संदीप यदु, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती शैल महेंद्र साहू तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री शैल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मौजूद रहीं।