मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्रैफिक राहत के लिए एक और बड़ा प्रोजेक्ट मंजूर हुआ है। नर्मदापुरम रोड पर शहर का 11वां रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनाया जाएगा, जिसकी लंबाई 1210 मीटर होगी। करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह ब्रिज बावड़िया कलां चौराहे से ऑशिमा मॉल तक तैयार किया जाएगा।
कोलार से मिसरोद तक दूरी 3-4 किमी कम होगी
इस ब्रिज के बनने से कोलार, बावड़िया कला, सलैया, गुलमोहर और त्रिलंगा जैसे इलाकों की कटारा हिल्स, बागसेवनिया, बागमुगालिया और मिसरोद तक की दूरी लगभग तीन से चार किलोमीटर कम हो जाएगी। इससे रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा और ट्रैफिक दबाव भी कम होगा।
ईपीसी मॉडल पर होगा निर्माण
यह परियोजना ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मॉडल पर बनाई जाएगी। पीडब्ल्यूडी ने डिजाइन, निर्माण और 10 साल तक रखरखाव का जिम्मा निजी एजेंसी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब 50 करोड़ रुपये में पूरी योजना का क्रियान्वयन किया जाएगा।
मार्च 2026 से शुरू होगा काम, 2028 तक लक्ष्य
प्रस्तावित आरओबी का निर्माण कार्य मार्च 2026 से शुरू होने की संभावना है। अगले 24 महीनों में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्ष 2028 की पहली तिमाही तक कोलार और बावड़िया कलां की ओर से सीधे विद्यानगर फेस-2, आईएसबीटी के पास तक सुगम मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
पहले बन चुके हैं 10 आरओबी
भोपाल में इससे पहले सिंगारचोली, छोला, करोंद, भारत टॉकीज, पुल बोगदा, ऐशबाग, सुभाष नगर, चेतक ब्रिज, सावरकर सेतु और बावड़िया आरओबी तैयार हो चुके हैं। नया आरओबी शहर के बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
Comments (0)