प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम दौरे पर रहेंगे। वे डिब्रूगढ़ के पास मोरान बाइपास स्थित देश की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) से अपने कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री का विमान इसी ELF पर उतरेगा। उनकी मौजूदगी में राफेल और सुखोई लड़ाकू विमान हाईवे से लैंडिंग और टेकऑफ का 30–40 मिनट का विशेष एरियल डेमो करेंगे। यह सुविधा NH-127 के 4.4 किमी लंबे हिस्से पर विकसित की गई है और सेना व सिविल—दोनों तरह के विमानों के उपयोग के लिए सक्षम है। ELF का उद्देश्य युद्ध या आपात स्थिति में हाईवे को वैकल्पिक रनवे के रूप में इस्तेमाल करना है। रणनीतिक रूप से संवेदनशील पूर्वोत्तर क्षेत्र (चीन सीमा से सटा) के लिए यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
3,030 करोड़ का कुमार भास्कर वर्मा सेतु
- करीब ₹3,030 करोड़ की लागत से बना कुमार भास्कर वर्मा सेतु पूर्वोत्तर का पहला छह-लेन एक्स्ट्राडोज्ड PSC पुल है।
- 1.24 किमी लंबा यह पुल ब्रह्मपुत्र नदी पर गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी को जोड़ेगा, जिससे यात्रा समय घटकर लगभग 7 मिनट रह जाएगा।
- पुल में बेस आइसोलेशन तकनीक, हाई-परफॉर्मेंस स्टे केबल्स और ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया गया है।
नेशनल डेटा सेंटर और IIM गुवाहाटी
प्रधानमंत्री कामरूप जिले के अमिंगांव में पूर्वोत्तर के लिए नेशनल डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। 8.5 मेगावॉट क्षमता वाला यह केंद्र सरकारी डिजिटल सेवाओं को मजबूती देगा और डिजास्टर रिकवरी सेंटर के रूप में भी काम करेगा। साथ ही IIM Guwahati का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे क्षेत्र में उच्च व प्रबंधन शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
225 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी
PM-ईबस सेवा योजना के तहत गुवाहाटी, नागपुर, भावनगर और चंडीगढ़ में कुल 225 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इससे 50 लाख से अधिक लोगों को स्वच्छ और किफायती सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। यह दौरा पिछले तीन महीनों में पीएम का तीसरा असम दौरा है, जबकि राज्य में आने वाले महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं।
Comments (0)