भोपाल। राजधानी के बाग उमराव दूल्हा इलाके में सोमवार को तीन मंजिला मकान की छत पर अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही आसपास के फायर स्टेशनों से दमकलें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छत पर रखे तेल के टिनों में लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में तेल के कई टिन रखे हुए थे। अचानक इनमें आग लग गई और देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। तेल होने की वजह से आग और भी भड़क गई, जिससे पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया। आग की लपटें करीब 10 फीट तक ऊपर उठने लगीं।
10 किलोमीटर दूर से दिखा धुआं
आग इतनी भीषण थी कि उसका धुआं करीब 10 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। इससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, वहीं सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
ग्राउंड फ्लोर पर है मीट की दुकान
बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लोर पर मीट की दुकान संचालित होती है। आग लगने के दौरान दुकान और आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया।
संकरा रास्ता, दमकलों को पहुंचने में लगी देर
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। हालांकि बाग उमराव दूल्हा और ऐशबाग क्षेत्र के रास्ते संकरे होने की वजह से दमकलों को घटनास्थल तक पहुंचने में कुछ समय लग गया।
पुलिस भी मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही ऐशबाग पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Comments (0)