बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना पामेड़ और गंगालूर क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने तीन माओवादी डंप बरामद किए हैं। इन डंप से कुल 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और भारी मात्रा में अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई है। दोनों स्थानों पर अलग-अलग सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पामेड़ के जंगलों से 103 बीजीएल सेल बरामद
खुफिया आसूचना के आधार पर थाना पामेड़ क्षेत्र में CASO अभियान के तहत डीआरजी, 208 कोबरा बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) की संयुक्त टीम ने तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने कुछ संदिग्ध स्थानों की पहचान की। डॉग स्क्वाड की मदद से तलाशी लेने पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से 103 बीजीएल सेल सहित भारी मात्रा में माओवादी सामग्री बरामद की गई।
गंगालूर में दो माओवादी डंप का खुलासा
इसी तरह थाना गंगालूर क्षेत्र के FOB कुप्पागुड़ा के अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया। केरिपु 199/एफ, 204 कोबरा बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) वेस्पा की संयुक्त टीम ने तलाशी के दौरान दो माओवादी डंप बरामद किए। इनसे 33 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।
बीजापुर पुलिस ने की आम नागरिकों से अपील
बीजापुर पुलिस के अनुसार, बरामद बीजीएल सेल, कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री के संबंध में थाना पामेड़ एवं थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सल उन्मूलन के साथ क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार सर्च अभियान एवं डीमाइनिंग की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा सुरक्षा कैंप को दें। ऐसी किसी भी सामग्री को छूने से बचें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।