छत्तीसगढ़ के 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए अहम खबर है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने करीब पांच वर्षों के बाद बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े शुल्कों में बढ़ोतरी कर दी है। यह संशोधित शुल्क शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होगा।
माशिमं की कार्यपालिका समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया, जिसमें कुल 22 तरह के शुल्क बढ़ाने को मंजूरी दी गई। इनमें नियमित परीक्षा शुल्क, आवेदन शुल्क, अतिरिक्त विषय, स्वाध्यायी पंजीयन और राज्य से बाहर के छात्रों के पंजीयन शुल्क शामिल हैं।
नियमित परीक्षार्थियों के लिए क्या बदला?
नए नियमों के तहत अब नियमित परीक्षार्थियों को बोर्ड परीक्षा शुल्क, अंकसूची शुल्क और प्रति विषय प्रैक्टिकल शुल्क मिलाकर कुल 800 रुपये देने होंगे। इससे पहले यह शुल्क 460 रुपये था।
इसके अलावा आवेदन पत्र या विषय नामांकन शुल्क भी बढ़ाया गया है। जो पहले 80 रुपये था, अब उसे बढ़ाकर 150 रुपये कर दिया गया है। हालांकि प्रवेश पत्र की दूसरी प्रति का शुल्क पहले की तरह 80 रुपये ही रहेगा।
पुराने और नए शुल्क की तुलना
शुल्क का मद पुराना शुल्क (₹) नया शुल्क (₹)
नियमित परीक्षा, अंकसूची व प्रति विषय प्रैक्टिकल 460 800
आवेदन पत्र / विषय नामांकन शुल्क 80 150
अतिरिक्त विषय 110 250
स्वाध्यायी संपूर्ण विषय (10वीं/12वीं) 1,230 1,600
स्वाध्यायी एक विषय 280 500
स्वाध्यायी दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा) 340 600
परीक्षा केंद्र परिवर्तन 240 400
विलंब शुल्क (स्वाध्यायी) 770 1,000
बाह्य / राज्य से बाहर के छात्रों का पंजीयन 1,540 2,000
स्वाध्यायी छात्रों पर असर
स्वाध्यायी एससी/एसटी छात्रों के पंजीयन एवं अनुमति शुल्क में भी वृद्धि की गई है। पहले यह शुल्क 560 रुपये था, जिसे अब बढ़ाकर 800 रुपये कर दिया गया है। वहीं राज्य से बाहर से परीक्षा देने वाले छात्रों को अब 2,000 रुपये शुल्क देना होगा, जो पहले 1,540 रुपये था।
विषयवार परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी
एक विषय की परीक्षा का शुल्क 280 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये कर दिया गया है। वहीं दो विषयों (द्वितीय मुख्य या अवसर परीक्षा) की परीक्षा फीस 340 रुपये से बढ़कर अब 600 रुपये हो गई है।
Comments (0)