रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों प्रशासनिक सिस्टम पर राजनीतिक दबाव खुलकर दिखाई देने लगा है। कहीं जनप्रतिनिधि मंच से अधिकारियों को फटकार लगा रहे हैं तो कहीं बंद कमरों में नाराजगी जताई जा रही है। मामला सिर्फ नाराजगी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब आरोप मारपीट तक पहुंच गए हैं। ऐसे घटनाक्रमों ने प्रशासनिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक मर्यादा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
सार्वजनिक मंचों पर अधिकारियों की फटकार
हाल के दिनों में कई ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं जहां नेताओं ने खुले मंच से अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री सार्वजनिक कार्यक्रमों में अधिकारियों को चेतावनी देते और फटकार लगाते दिखाई दिए। इन घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही अब सार्वजनिक अपमान तक पहुंच चुकी है।
सीतापुर विधायक पर मारपीट का आरोप
मामला तब और गंभीर हो गया जब सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायाब तहसीलदार के साथ मारपीट का आरोप लगा। आरोपों के बाद इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई है। यह घटनाक्रम प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर चिंता बढ़ा रहा है।
सत्ता ही नहीं, विपक्ष भी निशाने पर
हालांकि यह मामला सिर्फ सत्ता पक्ष तक सीमित नहीं है। विपक्षी नेताओं के बयान भी प्रशासनिक दबाव की राजनीति को हवा देते दिखाई दे रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने एक भाषण में अधिकारियों को चेतावनी भरे अंदाज में संबोधित करते हुए कहा कि “कांग्रेसी चूड़ी नहीं पहने हैं।” इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्मा गया।
सिस्टम पर सियासत हावी?
लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों का गुस्सा अब सार्वजनिक अपमान का रूप ले चुका है? क्या सत्ता और विपक्ष दोनों प्रशासनिक मशीनरी को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं? और सबसे बड़ा सवाल, आखिर अफसर करें तो करें क्या?
जांच और कार्रवाई की मांग
इन विवादों के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही जांच और कार्रवाई की बात कर रहे हैं। लेकिन राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच प्रशासनिक व्यवस्था की गरिमा और अधिकारियों के मनोबल को लेकर चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।