आगरा- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता का पैसा किसी आक्रमणकारी के महिमामंडन पर नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रनायकों के सम्मान पर खर्च होगा। उन्होंने कहा कि जिस आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज ने अपने अद्भुत शौर्य और साहस का परिचय दिया था, वहां पिछली सरकार मुगल म्यूजियम बना रही थी। उनकी सरकार ने उस परियोजना का नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय कर दिया और इसका निर्माण इस वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण और आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के लिए 342 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत 'जय श्री राम' और 'भारत माता की जय' के नारों के बीच किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, स्कूली छात्रों से बातचीत की, बच्चों को चॉकलेट वितरित की और कई नन्हे बच्चों को गोद में लेकर स्नेह जताया।
'डबल इंजन सरकार ने विकास को दी नई गति'
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन महीने पहले भी आगरा को लगभग 6,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी गई थी और अब एक बार फिर विकास कार्यों की नई श्रृंखला शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि 2022 और 2024 के चुनावों में आगरा की जनता ने भाजपा को आशीर्वाद दिया, जिसका परिणाम तेज़ी से हो रहे विकास कार्यों के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि आगरा अब स्मार्ट सिटी, सेफ सिटी और फ्यूचर रेडी सिटी के रूप में विकसित हो रहा है। वर्षों से ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) के कारण लंबित 468 औद्योगिक इकाइयों से जुड़े मामलों को मंजूरी मिलने से अब उद्योगों के लिए नए अवसर खुलेंगे और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट और डिफेंस कॉरिडोर से बदलेगी आगरा की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसके साथ ही डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का एक महत्वपूर्ण नोड भी आगरा में विकसित किया जाएगा, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के जरिए आगरा को वैश्विक पर्यटन और औद्योगिक हब बनाने का लक्ष्य है।
इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर से किसानों को मिलेगा लाभ
सीएम योगी ने कहा कि पेरू के सहयोग से स्थापित इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर अब आगरा में सक्रिय हो चुका है। इससे किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक और फसल के बेहतर मूल्य मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए वैल्यू एडिशन और कृषि अनुसंधान को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की जमीन का अधिग्रहण तभी होगा, जब उन्हें नए सर्किल रेट के अनुसार उचित मुआवजा मिलेगा। यदि उचित भुगतान संभव नहीं होगा तो सरकार भूमि अधिग्रहण नहीं करेगी।
ग्रेटर आगरा परियोजना को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रेटर आगरा परियोजना के तहत लगभग 5,200 करोड़ रुपये की लागत से 10 नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी। वहीं 1,500 करोड़ रुपये की लागत से अटलपुरम टाउनशिप बनाई जा रही है, जहां करीब 10 हजार परिवारों को आवास और व्यावसायिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा शहर में मल्टीलेवल पार्किंग, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली पर भी तेजी से काम किया जाएगा।

पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आगरा की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने के लिए कई परियोजनाएं चला रही है। इनमें बटेश्वर धाम, कैलाश मंदिर, गुरु का ताल, गीत गोविंद वाटिका, अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली बटेश्वर, फतेहपुर सीकरी और सौरीपुर जैन तीर्थ का विकास शामिल है।
उन्होंने घोषणा की कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में आगरा में 500 महिलाओं के लिए श्रमजीवी हॉस्टल बनाया जाएगा, जिसके लिए बजट भी जारी कर दिया गया है।
सपा पर तीखा हमला, भर्ती में भ्रष्टाचार के लगाए आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार और परिवारवाद हावी था। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं को जानबूझकर विवादित बनाया जाता था, जिससे अदालतों को हस्तक्षेप करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक वर्ष में केंद्र सरकार ने 12 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में 9 लाख युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्त किया है। अब भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और प्रदेश के हर जिले के युवाओं को समान अवसर मिल रहे हैं।
कानून-व्यवस्था पर भी विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, माफियाराज और अपराध का माहौल था। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और बेटियों तथा व्यापारियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जो भी महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसके लिए केवल दो ही स्थान हैं- जेल या जहन्नुम।
लाभार्थियों को वितरित किए चेक, टैबलेट और योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को टैबलेट, टूल किट, आयुष्मान कार्ड, आवास की चाबियां और लाखों रुपये के चेक वितरित किए। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना और कृषि यंत्रीकरण योजना के लाभार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया।
कई केंद्रीय और प्रदेश के मंत्री रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र चौधरी, मंत्री बेबी रानी मौर्य, योगेंद्र उपाध्याय, धर्मवीर प्रजापति, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, महापौर हेमलता दिवाकर, सांसद नवीन जैन, सांसद राजकुमार चाहर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।