प्रदेश भाजपा ने एक बार फिर कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए सक्रिय पहल करते हुए पार्टी कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सहयोग केंद्र के पुनः संचालन का निर्णय लिया है। इस केंद्र की शुरुआत सोमवार, 6 अक्टूबर से होगी।
पहले दिन राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा बैठेंगे सहयोग केंद्र में
पहले दिन राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे। वे कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। कार्यकर्ताओं को इसके लिए दोपहर 1 से 2 बजे के बीच पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
एक साल बाद फिर शुरू हो रहा सहयोग केंद्र
भाजपा ने 2023 में सत्ता में चौथी बार आने के बाद कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने के लिए सहयोग केंद्र शुरू किया था, जिसमें मंत्रियों की ड्यूटी लगाई जाती थी। हालांकि, लोकसभा और नगरीय चुनावों की आचार संहिता के चलते अक्टूबर 2024 में यह केंद्र बंद कर दिया गया था। अब, करीब एक साल बाद, कार्यकर्ताओं की मांग पर यह केंद्र फिर से शुरू किया जा रहा है।
सच्चिदानंद उपासने को सौंपी गई जिम्मेदारी
पूर्व अनुभवों को देखते हुए इस बार भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने को सहयोग केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे पूरे कार्यक्रम की निगरानी और समन्वय का कार्य देखेंगे। डिप्टी सीएम अरुण साव ने सहयोग केंद्र के दोबारा शुरू होने पर कहा: कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और सहयोग हमारी प्राथमिकता है। हर मंत्री को पार्टी कार्यालय में बारी-बारी से बैठना होगा। उन्होंने बताया कि वे स्वयं 14 अक्टूबर को पार्टी कार्यालय में उपस्थित रहेंगे और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। भाजपा का यह कदम कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करने और जमीनी स्तर की समस्याओं को तत्काल सुलझाने की दिशा में एक सकारात्मक और संगठित प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह केंद्र आगे और विस्तारित हो सकता है।
Comments (0)