दिल्ली! मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कि प्रदेश के किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भरता के लिए राज्य सरकार वर्ष 2026 को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में मना रही है। सरकार पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता, कृषि और उद्योग सहित 17 विभागों को साथ लेकर “बाग से बाजार” तक समग्र कार्ययोजना पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट बैठक 2 मार्च को जनजातीय अंचल बड़वानी में आयोजित की जाएगी, जिसमें किसानों को होली की विशेष सौगात दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह वर्ष किसानों को आत्मनिर्भर बनाने वाले नवाचारों को प्रोत्साहन देने के लिए समर्पित रहेगा।
सम्राट विक्रमादित्य पर आयोजन, अमित शाह से चर्चा
मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्व के श्रेष्ठ शासकों में गिने जाने वाले सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित विभिन्न आयोजन प्रदेश में किए गए हैं। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमिक शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भेंट कर जानकारी साझा की।
भोपाल गैस त्रासदी स्थल पर बनेगा भव्य स्मारक
भोपाल में 40 वर्ष पूर्व हुई भीषण गैस त्रासदी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते वर्ष यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री में जमा कचरे का सफल निष्पादन कराया है। फैक्ट्री की 87 एकड़ भूमि पर भोपाल गैस त्रासदी स्मारक, साइंस पार्क, कन्वेंशन सेंटर, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए समर्पित आधुनिक प्रयोगशाला और विकास आधारित राष्ट्रीय अनुसंधान केंद्र स्थापित करने की योजना है। इस संबंध में भी केंद्रीय गृह मंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया गया है।
नक्सलवाद पर नियंत्रण, बालाघाट के विकास की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश नक्सल अभियान से मुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि “लाल सलाम को आखिरी सलाम” करने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य बना है। बालाघाट जिले में समग्र विकास के लिए बैगा महोत्सव आयोजित करने की दिशा में भी चर्चा की गई है।
सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान के अंतर्गत प्रदेश की 8 लाख से अधिक 14-15 वर्ष की बालिकाओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। राज्य को 7,800 टीके प्राप्त हुए हैं।
कृषि उत्पादन में अग्रणी मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का “फूड बास्केट” है। प्रदेश दलहन उत्पादन में अग्रणी और गेहूं उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है। उड़द, मसूर, तुअर, सोयाबीन और मूंगफली के उत्पादन में भी प्रदेश अग्रणी है। प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि, बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में भी सरकार विशेष प्रयास कर रही है ताकि किसानों को बेहतर बाजार और मूल्य मिल सके।
भगोरिया उत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री
राज्य सरकार जनजातीय पर्व भगोरिया को राजकीय पर्व के रूप में मना रही है। मुख्यमंत्री ने आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में भगोरिया उत्सव में भाग लिया और अमर शहीद चंद्रशेखर की जन्मस्थली भाभरा में श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को उज्जैन आमंत्रण
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और प्राकृतिक आपदाओं से हुई फसल क्षति पर सर्वे के बाद राहत सहायता प्रदान की जा रही है। प्रदेश को कृषि, उद्योग और अनुसंधान के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और अग्रणी बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
Comments (0)