मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 123वीं कड़ी को सुना और इसे प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में हो रहे नवाचारों, जनभागीदारी और सकारात्मक पहलों को उजागर करते हैं, जिससे समाज के निर्माण में लगे लोगों को पहचान और सम्मान मिलता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य, पर्यावरण और जन-कल्याण के लिए जनभागीदारी के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस, और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नवाचारों पर प्रकाश डाला।
CM साय ने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे प्रयास बड़े बदलाव की नींव रखते हैं। प्रधानमंत्री मोदी का यही दृष्टिकोण हम सभी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। यदि हम निरंतर छोटे लेकिन सार्थक कदम उठाएं, तो समाज और देश में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन संभव है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश की छोटी से बड़ी उपलब्धियों को मंच प्रदान करते हैं और उन पर गर्व व्यक्त करते हैं। आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, पर्यावरण में जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण, भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि, 1975 के आपातकाल, भगवान बुद्ध के अवशेषों की वियतनाम यात्रा, और भारत का ट्रेकोमा मुक्त होना जैसे अहम मुद्दों पर विचार साझा किए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “विकसित भारत” हम सभी का संकल्प है और छत्तीसगढ़ इसके लिए हर मोर्चे पर मजबूती से खड़ा है।
Comments (0)