इंदौर में इस समय बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की कथा चल रही है। कथा के बाद बाबा ने इंदौर के नाईट कल्चर को लेकर कहा कि, नाइट कल्चर निशाचरों के लिए है। इंदौर में धार्मिक लोग रहते हैं, निशाचर थोड़ी। उन्होंने कहा कि, यह शहर शिव भक्त मां अहिल्या की पावन नगरी है। नाइट कल्चर से हमारी संस्कृति और संस्कृति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। हमारी अस्मिता पर दाग लगेगा। इससे अपराध बढ़ेगा और क्राइम बढ़ने से पुलिस और सरकार का काम बढ़ेगा। इस तरह के अशोभनीय कार्यों पर रोक लगना चाहिए।
अब कृष्ण भी माखन-मिश्री खाएंगे
वहीं भारत हिंदू राष्ट्र कब तक बनेगा, इस सवाल पर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि, अयोध्या में राम लला प्रतिष्ठित हो चुके है, अब कृष्ण भी माखन-मिश्री खाएंगे, बस देखते जाओ। सनातन धर्म सदा था और सदा रहेगा। धीरेन्द्र शास्त्री ने आगे कहा कि, सभी को ध्यान रखना है कि, परिवार और मित्र की संगत कैसे लोगों के साथ है। (शराब) पीने वालों के साथ संगत होगी होगी, तो पीने की पार्टी में जाएगा और भागवत भक्तों की संगत होगी, तो मंदिर जाएगा। अपने बच्चों की संगत पर ध्यान दो कि पार्टी वालों की संगत कर रहे है या हनुमान जी की पार्टी वालों की संगत में हैं।
धर्म विरोधियों की ठठरी बंध जाए
वहीं, सोमवार को पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन और अभिषेक किया। इस अवसर बाबा बागेश्वर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, उन्होंने महाकाल से सबके कल्याण की प्रार्थना की है। उनकी कामना है कि, भारत जल्द से जल्द हिंदू राष्ट्र बने और धर्म विरोधियों की ठठरी बंध जाए। इस दौरान शास्त्री ने यह भी कहा कि, महाकाल मंदिर की प्राचीन परंपरा बरकरार रहनी चाहिये, इसी से संस्कृति जीवंत बनी रहेगी। आपको बता दें कि इंदौर के कनकेश्वरी गरबा परिसर MR-9 लिंक रोड पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा कर रहे हैं। कथा के दूसरे दिन शास्त्री ने वहां मौजूद लोगों को बच्चों की संगत पर ध्यान देने का आग्रह किया।
Comments (0)