ग्वालियर: मध्य प्रदेश के स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्य प्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं और 10वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की संशोधित समय-सारणी जारी कर दी है। इस संबंध में अपर संचालक रवीन्द्र कुमार सिंह की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार ग्वालियर जिले और ग्वालियर-चंबल अंचल के शासकीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 21 नवंबर 2026 से शुरू होंगी। परीक्षाओं का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कक्षा 9वीं का अर्द्धवार्षिक परीक्षा टाइम टेबल
कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों की परीक्षाएं अलग-अलग विषयों के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
| तारीख | दिन | विषय |
|---|---|---|
| 21 नवंबर 2026 | शनिवार | संस्कृत |
| 23 नवंबर 2026 | सोमवार | अंग्रेजी |
| 25 नवंबर 2026 | बुधवार | सामाजिक विज्ञान |
| 26 नवंबर 2026 | गुरुवार | हिन्दी |
| 27 नवंबर 2026 | शुक्रवार | NSQF के समस्त विषय |
| 28 नवंबर 2026 | शनिवार | विज्ञान |
| 30 नवंबर 2026 | सोमवार | गणित |
कक्षा 10वीं की परीक्षा समय-सारणी
कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए जारी संशोधित टाइम टेबल इस प्रकार है:
| तारीख | दिन | विषय |
|---|---|---|
| 21 नवंबर 2026 | शनिवार | सामाजिक विज्ञान |
| 23 नवंबर 2026 | सोमवार | गणित |
| 25 नवंबर 2026 | बुधवार | विज्ञान |
| 26 नवंबर 2026 | गुरुवार | संस्कृत/उर्दू |
| 27 नवंबर 2026 | शुक्रवार | हिन्दी |
| 28 नवंबर 2026 | शनिवार | NSQF के समस्त विषय |
| 30 नवंबर 2026 | सोमवार | अंग्रेजी |
परीक्षा केंद्र पर 9:30 बजे तक पहुंचना जरूरी
निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले यानी सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होगी और दोपहर 1 बजे तक चलेगी विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान निर्धारित समय का विशेष रूप से पालन करना होगा।
उत्तर पुस्तिका और प्रश्नपत्र कब मिलेंगे?
परीक्षा संबंधी निर्देशों में उत्तर पुस्तिका और प्रश्नपत्र वितरण का समय भी स्पष्ट किया गया है। परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले उत्तर पुस्तिका, जबकि 5 मिनट पहले प्रश्नपत्र विद्यार्थियों को वितरित किए जाएंगे इसलिए विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।
अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम से होगी
परीक्षा अवधि के दौरान यदि शासन की ओर से कोई स्थानीय अथवा सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है, तो भी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को इस स्थिति में भी परीक्षा की तारीखों को ध्यान में रखते हुए तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रायोगिक और अन्य विषयों की परीक्षा स्कूल स्तर पर
ऐसे विषय जो जारी समय-सारणी में शामिल नहीं हैं, साथ ही प्रायोगिक परीक्षाओं का आयोजन संबंधित विद्यालय के प्राचार्य अपने स्तर पर सुनिश्चित करेंगे। इन परीक्षाओं को 21 से 30 नवंबर के बीच आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के बाद होगी अगले विषय की पढ़ाई
निर्देशों के मुताबिक प्रत्येक दिन परीक्षा समाप्त होने के बाद बचे हुए समय में अगले दिन होने वाले विषय का अध्यापन कराया जाएगा। वहीं, संपूर्ण अर्द्धवार्षिक परीक्षा समाप्त होने के बाद अगले कार्य दिवस से नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी। विद्यालयों और विद्यार्थियों को संशोधित समय-सारणी के अनुसार परीक्षा की तैयारी करने तथा विभाग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।