रायपुर।छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट स्कूलों में नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के आत्मानंद स्कूलों में 1,812 पदों पर संविदा भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है।भर्ती के तहत शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक दोनों तरह के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि इस बार भर्ती प्रक्रिया केंद्रीकृत तरीके से आयोजित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
व्याख्याता के 518 और सहायक शिक्षक के 590 पद
भर्ती में व्याख्याता के कुल 518 पद शामिल हैं। इनमें वाणिज्य के 104, अंग्रेजी के 65, गणित के 49, भौतिकी के 53, हिंदी के 51, संस्कृत के 47, रसायन शास्त्र के 44 और जीव विज्ञान के 39 पद हैं। सामाजिक विज्ञान के लिए भी 52 पद निर्धारित किए गए हैं।वहीं, सहायक शिक्षक के सबसे ज्यादा 590 पद हैं। इसके अलावा अंग्रेजी शिक्षक के 106, कला के 72, गणित के 68, विज्ञान के 56 और हिंदी/संस्कृत के 34 पदों पर भर्ती होगी।
गैर-शैक्षणिक पदों पर भी होगी नियुक्ति
आत्मानंद स्कूलों में सिर्फ शिक्षकों की ही भर्ती नहीं होगी, बल्कि गैर-शैक्षणिक और अन्य पदों को भी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया है।इनमें प्राथमिक प्रधानपाठक के 27, पूर्व माध्यमिक प्रधानपाठक के 24, प्रयोगशाला सहायक के 170, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद शामिल हैं।
दुर्ग में सबसे ज्यादा 229 पद
जिलावार पदों की बात करें तो दुर्ग जिले में सबसे ज्यादा 229 पद रखे गए हैं। इसके बाद रायपुर में 141, बेमेतरा में 103, बिलासपुर में 97, कोरबा में 87, कांकेर में 85 और मुंगेली में 82 पद हैं।वहीं सक्ती में 73, सरगुजा में 72 और बलौदाबाजार तथा बीजापुर में 61-61 पदों पर भर्ती होगी।सबसे कम पदों की बात करें तो सुकमा में 9 और कोरिया में सिर्फ 8 पद रखे गए हैं।
मई में रद्द हुई थी जिला स्तरीय भर्ती
आत्मानंद स्कूलों में भर्ती को लेकर इससे पहले जिला स्तर पर प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन 30 मई को उस भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया था।अब करीब चार महीने बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने नई भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इस बार भर्ती प्रक्रिया को जिला स्तर के बजाय केंद्रीकृत तरीके से कराने का फैसला किया गया है।
रायपुर के 33 स्कूलों में 141 पद
रायपुर जिले में कुल 33 स्वामी आत्मानंद स्कूल हैं। पहले यहां 152 पद रिक्त बताए गए थे। अब जारी नई भर्ती में रायपुर जिले के लिए 141 पद निर्धारित किए गए हैं।केंद्रीकृत भर्ती प्रक्रिया के जरिए इन रिक्त पदों को भरने की तैयारी है। इससे आत्मानंद स्कूलों में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की कमी को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।