मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए खुशखबरी है, क्योंकि लाड़ली बहना योजना की 16वीं किस्त का ऐलान हो गया है। सीएम डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इस बात की जानकारी दी है कि वह आज 9 सितंबर को लाड़ली बहनों के खाते में 1250 रुपए की राशि ट्रांसफर करने वाले है। इस बार भी योजना किस्त तय तरीख से एक दिन पहले ट्रांसफर की जा रही है। बता दें कि अगस्त के महीने में भी लाड़ली बहना योजना की किस्त जल्दी ट्रांसफर कर दी गई थी। जबकि सितंबर में भी एक दिन पहले बहनों के खाते में सरकार की तरफ से पैसा ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
बीना में होंगे कई कार्यक्रम
सागर जिले के बीना कृषि उपज मंडी में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव लाड़ली बहना योजना की 1.29 करोड़ बहनों के खातों में 1574 करोड़ रूपये की राशि अंतरित करेंगे। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों के खाते में 332.43 करोड़ रूपये अंतरित की जायेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव अनेक विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी करेंगे।उल्लेखनीय है कि अब तक लाड़ली बहना योजना के तहत लाड़ली बहनों को 24,499 करोड़ तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों को 3 हजार करोड़ रूपये से अधिक की राशि उनके खातों में अंतरित की गई है।