भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पीएम मोदी द्वारा दी गई गारंटियों पर जवाब मांगे। छह सवाल भी पूछे। जीतू ने आरोप लगाते हुए पूछा कि लोकायुक्त ने भाजपा नेताओं/अफसरों पर छापे के बाद 265 मामले दर्ज किए। भाजपा सरकार ने 60 मामलों में केस चलाने के बजाय स्वत: केस वापस ले लिए। कुछ दिन पहले लोकायुक्त टीम ने पूर्व सीएस और पूर्व सीएम शिवराज सिंह के खिलाफ केस चलाने की अनुमति मांगी, लेकिन सरकार ने अनुमति क्यों नहीं दी? पटवारी के अनुसार देश में मोदी की गारंटियों का चलन चलवाया गया।
मोदीजी ने पांच गारंटी दी थीं। किसानों को गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 और धान का 3100 रुपए प्रति क्विंटल देने की बात कही थी? पीएम स्पष्ट करें दाम क्यों नहीं मिल रहा? बहनों ने भाजपा को इसलिए ज्यादा वोट दिए कि भाजपा ने चुनाव से पहले 1000 रुपए देना चालू किया। बाद में 3000 रुपए देने का वादा किया, लेकिन चार महीने बाद भी तीन हजार रुपए क्यों नहीं मिल रहे।
जीतू ने यह भी पूछा कि प्रदेश में आदिवासियों पर सबसे ज्यादा अत्याचार क्यों होते हैं। दो लाख आदिवासी महिलाएं तीन साल पहले गायब हुई थीं। आदिवासियों के बैकलॉग के पद नहीं भरे जाते। आदिवासियों के कल्याण की राशि 20 प्रतिशत भी खर्च नहीं होती। पीएम बताएं कि सबसे ज्यादा आदिवासियों पर अत्याचार क्यों हो रहा है। प्रदेश में एक करोड़ 30 लाख युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। पीएम ने दो करोड़ रोजगार देने की बात कही थी। प्रदेश का युवा कब तक बेरोजगार रहेगा।
लोकायुक्त टीम ने पूर्व सीएस और पूर्व सीएम शिवराज सिंह के खिलाफ केस चलाने की अनुमति मांगी, लेकिन सरकार ने अनुमति क्यों नहीं दी?
Comments (0)