बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय सागर में जल्द ही कैंसर अस्पताल की सुविधा उपलब्ध होने वाली है। यह आश्वासन प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को दिया है। बीते शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर खाद्य मंत्री राजपूत ने सीएम यादव को बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय सागर में कैंसर अस्पताल खोलने के संबंध में एक मांग पत्र सौंपा। इस मांग पत्र में बुंदेलखंड क्षेत्र के कैंसर पीड़ितों के लिए 40 करोड़ रुपये से अधिक के अनुमानित प्राकलन कि मांग रखी गई है, जिसे मुख्यमंत्री ने जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
खाद्य मंत्री राजपूत ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में कैंसर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मरीजों के हित और जनहित में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय सागर में कैंसर अस्पताल खोला जाना अत्यंत आवश्यक है।