भोपाल । होली के अवसर पर शहर के अधिकांश बाजार बंद रहेंगे। केवल दूध, मेडिकल और अन्य आवश्यक इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। बंद के चलते मंगलवार को बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ नजर आई।
प्रमुख बाजार रहेंगे बंद
पुराना शहर, न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट, एमपी नगर समेत अधिकांश दुकानें बंद रहेंगी। इसके अलावा लखेरापुरा, चौक, इब्राहिमगंज, हमीदिया रोड और आजाद मार्केट में भी कारोबार पूरी तरह ठप रहेगा। हालांकि रमजान के चलते शाम 4 बजे के बाद कुछ दुकानें खुल सकती हैं, ताकि लोगों को खरीदारी में दिक्कत न हो।
थोक बाजार ने पहले ही की सप्लाई
भोपाल थोक किराना महासंघ के अनुपम अग्रवाल के अनुसार, थोक किराना बाजार से 200 किलोमीटर के दायरे में सामग्री सप्लाई की जाती है। होली के दिन बाजार पूरी तरह बंद रहेगा, इसलिए मंगलवार को ही किराना सामान की आपूर्ति कर दी गई।
व्यापारिक संगठनों ने लिया बंद का फैसला
कैट के पूर्व प्रवक्ता विवेक साहू ने बताया कि शहर के कई व्यापारी संगठनों ने स्वेच्छा से पूर्ण व्यापार बंद रखने का निर्णय लिया है। इनमें किराना, चावल-दाल, आटा-मैदा, तेल-शक्कर, गल्ला मंडी करोंद, रेडीमेड, वस्त्र, इलेक्ट्रॉनिक, सराफा बाजार, ट्रांसपोर्ट संगठन सहित कई प्रमुख संगठन शामिल हैं। शहर के होटल और रेस्टोरेंट भी होली के दिन शाम 4 बजे तक बंद रहेंगे, इसके बाद सामान्य रूप से संचालित होंगे।
न्यू मार्केट और दवा बाजार की स्थिति
न्यू मार्केट में भी दुकानें बंद रहेंगी, हालांकि इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी। रंगपंचमी पर व्यापारी स्वैच्छा से दुकानें खोलते हैं और दोपहर बाद बाजार खुलने लगता है। थोक दवा बाजार 4 मार्च (होली) और 8 मार्च (रंगपंचमी) को बंद रहेगा। हालांकि रिटेल मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे और आपात सेवाएं जारी रहेंगी।
वन विहार नेशनल पार्क भी रहेगा बंद
वन विहार नेशनल पार्क 4 और 8 मार्च को बंद रहेगा। प्रबंधन ने पहले ही इसकी सूचना जारी कर दी है। 3 मार्च को भी पार्क बंद रहा था। कुल मिलाकर, होली के दिन शहर में व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप रहेंगी, लेकिन जरूरी सेवाएं चालू रहने से आम लोगों को राहत मिलेगी।
Comments (0)