भोपाल। मध्य प्रदेश में विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति को लेकर एक बार फिर राजनीति गर्मा गई है। शिवपुरी जिले की करैरा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रमेश खटीक ने एक साथ 106 विधायक प्रतिनिधि नियुक्त कर दिए हैं। इस फैसले के बाद कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बताया जा रहा है कि विधायक ने जिला मुख्यालय के लगभग सभी प्रमुख विभागों के साथ-साथ अपने विधानसभा क्षेत्र के स्कूल, कॉलेज, छात्रावास और निजी विश्वविद्यालयों में भी प्रतिनिधि बनाए हैं। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु अस्पताल और बिजली विभाग जैसी शाखाओं में भी विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति की गई है।
पहले भी सुर्खियों में रही थी ऐसी नियुक्ति
इससे पहले भी भाजपा विधायक प्रीतम लोधी थानों में विधायक प्रतिनिधि नियुक्त करने को लेकर चर्चा में रहे थे। अब करैरा में 106 प्रतिनिधि बनाए जाने से यह मुद्दा फिर से सुर्खियों में आ गया है।
कांग्रेस का हमला: “हर दूसरी गली में मिलेगा प्रतिनिधि”
कांग्रेस संचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने इस फैसले पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में जनप्रतिनिधियों के काम से ज्यादा प्रतिनिधि बनाने की होड़ मची है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब हर दूसरी गली में एक विधायक प्रतिनिधि नजर आएगा।
राजनीतिक बहस तेज
भाजपा की ओर से इसे क्षेत्र में बेहतर समन्वय और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान की पहल बताया जा रहा है, जबकि विपक्ष इसे अनावश्यक राजनीतिक दखल और दिखावा करार दे रहा है। मामले ने प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है कि क्या इतनी बड़ी संख्या में विधायक प्रतिनिधि नियुक्त करना प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करेगा या विवाद बढ़ाएगा।
Comments (0)