प्रदेश में कोहरा कम होते ही दिन में धूप हल्की गर्म महसूस होने लगी है, लेकिन रात की ठंड अभी भी लोगों को कंपकंपा रही है। प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रीवा में दर्ज किया गया। प्रदेश के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा। वहीं, दिन का सबसे अधिक तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस खंडवा में रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है, इसके बाद रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
रात का सबसे कम 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रीवा में दर्ज हुआ
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस समय उत्तराखंड और उसके आसपास द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के ऊपर करीब 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 204 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। 16 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है।
तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी
फिलहाल हवाओं का रुख उत्तरी बना हुआ है। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के चलते रात के तापमान में गिरावट बनी हुई है। हालांकि कोहरे का असर कम होने से सुबह जल्दी धूप निकल रही है, जिससे दिन में ठंड से कुछ राहत मिल रही है। आने वाले दो-तीन दिनों तक मौसम में ज्यादा बदलाव के आसार नहीं हैं, इसके बाद रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
Comments (0)